Wakf Law: बिहार में वक्फ कानून को लेकर राजनीति गर्म, जम कर बरसे तेजस्वी यादव, बीजेपी को कहा चिरकुट

- बिहार में सियासत गर्म
- तेजस्वी यादव ने साधा बीजेपी पर निशाना
- वक्फ कानून को लेकर शुरू हुआ विवाद
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एक तरफ बिराह में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं तो दूसरी तरफ राज्य में वक्फ कानून को लेकर सियासत गर्म है। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने इसी मामले में भारतीय जनता पार्टी पर जम कर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि वह धर्म की राजनीति नहीं बल्कि कर्म की राजनीति में भरोसा करते हैं। इसके अलावा यादव ने भाजपा नेताओं द्वारा उन्हें 'मौलाना' कहे जाने का भी जवाब देते हुए कहा, दिल्ली में बीजेपी के चिरकुट सब... संघी वाले, दो दिन से हमको गाली देने का काम कर रहे हैं। कभी 'नमाजवादी' कह रहे हैं तो कभी 'मौलाना'। हम मुद्दों की बात करते हैं और वह मुर्दों की।
तेजस्वी यादव ने उठाए सवाल
बिहार की राजधानी पटना में एक कार्यक्रम में तेजस्वी यादव ने यह बयान दिया। उन्होंने कहा कि हम धर्म के नाम पर नहीं, कर्म के नाम पर पहचान बनाएंगे। हम दोनों जगह जाएंगे, मंदिर भी और मस्जिद भी। हमारा और जनता का रिश्ता सिर्फ राजनीति का नहीं है। जब हमारी परेशानी एक है तो हम अलग कैसे हो सकते हैं? अगर जनता का साथ मिला तो नागपुर से चल रही सरकार और नागपुरिया कानून को सत्ता से बेदखल करने का काम करेंगे।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
आपको बता दें कि, यह विवाद पटना के गांधी मैदान में आयोजित 'वक्फ बचाओ, संविधान बचाओ' रैली के दौरान बढ़ा। दरअसल, इस रैली को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने भाजपा पर खूब तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि बिहार में नीतीश सरकार सत्ता से बाहर होने वाली है। अगर राज्य में विपक्षी दलों की सरकार बनती है तो वक्फ कानून को कूड़ेदान में फेंक देंगे। इसी बयान को लेकर बीजेपी तेजस्वी यादव को घेरने में लगी हुई है।
Created On :   2 July 2025 9:43 AM IST