साढ़े 17 लाख लोगों की जांच में 1202 में सर्दी-जुकाम के लक्षण मिले

साढ़े 17 लाख लोगों की जांच में 1202 में सर्दी-जुकाम के लक्षण मिले

Tejinder Singh
Update: 2020-04-09 08:50 GMT
साढ़े 17 लाख लोगों की जांच में 1202 में सर्दी-जुकाम के लक्षण मिले

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कोरोना सर्वेक्षण प्रक्रिया में 17 लाख 61 हजार 285 नागरिकों का सर्वेक्षण पूरा किया गया है। पहला कोरोना संक्रमित पॉजिटिव लक्ष्मी नगर तथा उसी का साथी धंतोली जोन का रहने वाला था। इसलिए सर्वेक्षण की शुरुआत इसी जोन से की गई। इसके बाद संपूर्ण शहर का सर्वेक्षण करने का मनपा प्रशासन ने निर्णय लिया। सर्वेक्षण के लिए 333 टीमों का गठन किया गया। प्रतिदिन 28 हजार 393 घरों का सर्वेक्षण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त जोनल चिकित्सा अधिकारी के नेतृत्व में कार्यरत टीम के माध्यम से 4 लाख 37 हजार 191 घरों का सर्वेक्षण किया गया है। महानगरपालिका ने कोरोना संक्रमण को मात देने के लिए शहरवासियों की जांच की योजना बनाई। इसके तहत घर-घर जाकर जांच की जा रही है। मनपा से मिले आंकड़ों के अनुसार, शहर के साढ़े 17 लाख लोगों की जांच की गई है। इसमें 1202 लोगों में कोरोना से मिलता-जुलता यानी सर्दी-जुकाम के लक्षण मिले हैं। जरूरत के हिसाब से इन लोगों का इलाज किया जा रहा है।

प्रभागवार क्विक रेस्पांस टीम का गठन

कोरोना संदिग्ध की सूचना मिलने पर पड़ताल के लिए प्रभागवार क्विक रेस्पांस टीम का गठन किया गया है। सूचना मिलते ही टीम के सदस्य संबंधित घर के सदस्यों की जांच करते हैं। इस तरह की 38 टीमें बनाई गई हैं। अभी तक 1538 घरों तक यह टीम पहुंचकर जांच कर चुकी है।

71 नमूनों की जांच रिपोर्ट नहीं आई

अभी तक शहर में 1202 नागरिकों में कोरोना से मिलते-जुलते लक्षण पाए गए। इनमें से 1116 लोगों को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। 595 लोगों का 14 दिन क्वारंटाइन पीरियड समाप्त हो चुका है। 868 लोगों के नमूने जांच के लिए भेजे गए, जिसमें से 778 निगेटिव पाए गए। 18 नमूने पॉजिटिव निकले, जिसमें से एक व्यक्ति चंद्रपुर जिले का निवासी है। 71 नमूनों की जांच रिपोर्ट अभी नहीं आई है। 85 कोरोना संदिग्धों पर अस्पताल में इलाज चल रहा है। 781 लोगों को घर भेज दिया गया है।

31 हजार घरों का रोज फॉलोअप

लक्ष्मी नगर जोन : 27463 घरों के 1 लाख 6719 लोग

धंतोली जोन : 59 घरों के 278 लोग

गांधीबाग जोन : 1497 घरों के 7738 लोग

मंगलवारी जोन : 2149 घरों के 9314 लोग

कुल : 31 हजार 168 लोगों का रोज फालोअप

लक्ष्मी नगर जोन में 185, धंतोली जोन में 2, गांधीबाग जोन में 35, मंगलवारी जोन में 23 टीमों के माध्यम से इस कार्य को अंजाम दिया जा रहा है।

समूह संक्रमण रोकना है तो घर में रहें

आयुक्त, मनपा तुकाराम मुंढे के मुताबिक समूह संक्रमण रोकना है तो घर में ही रहना होगा। इससे बेहतर उपाय नहीं है। अत्यावश्यक काम रहने पर ही घर के बाहर निकलें। घर से बाहर निकलते समय मास्क जरूर लगाएं। घर जाने पर सबसे पहले हाथ को साबून से साफ करें। हाथ में सैनेटाइजर लगाएं।
 

Tags:    

Similar News