250 आपली बसों के पहिए थमे, हड़ताल पर ड्राइवर और कंडक्टर, यात्री परेशान

250 आपली बसों के पहिए थमे, हड़ताल पर ड्राइवर और कंडक्टर, यात्री परेशान

Tejinder Singh
Update: 2018-08-05 10:40 GMT
250 आपली बसों के पहिए थमे, हड़ताल पर ड्राइवर और कंडक्टर, यात्री परेशान

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शनिवार दोपहर 2 बजे से करीब 250 आपली बसों के पहिये अचानक थम गए। ड्राइवर-कंडक्टर हड़ताल कर दिए। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस मामले में परिवहन विभाग का कहना है कि 24 बसों की जांच में सामने आया कि उसमें सवारी 50 थी, लेकिन कंडक्टर ने सिर्फ 5 सवारियों को टिकट दिया था। इससे दोषी कंडक्टरों पर कार्रवाई की गई, वहीं कंडक्टरों का कहना है कि दोपहर 2 बजे जब वह ड्यूटी कर वापस घर जा रहे थे, तो चेकिंग करने वालों ने उन्हें रास्ते में बस से उतार दिया, जिसके बाद उन्होंने हड़ताल कर दी।

आज भी जारी रह सकती है हड़ताल
शहर में मनपा की 450 आपली बसें सड़कों पर दौड़ रही हैं। इनसे बड़ी संख्या में लोग सफर करते हैं। ऑटो का किराया महंगा होने से ज्यादातर यात्री इन बसों का सहारा लेते हैं। परिवहन विभाग को अक्सर कंडेक्टरों द्वारा किराया लेने और टिकट नहीं देने की शिकायतें मिलती रहती हैं, जिससे समय-समय पर बसों की जांच की जाती है। दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है, जिसका कर्मचारी विरोध करते हैं। बसों की हड़ताल देर रात तक जारी रही। रविवार को बसें चलेंगी या नहीं, इस पर देर रात तक न तो परिवहन विभाग का और न ही कर्मचारियों की यूनियन का कोई निर्णय आया है।

क्या कहना है यात्रियों का
कार्तिक बुरेले, विद्यार्थी के मुताबिक वो नागपुर वीसीसीई कॉलेज में पढ़ने के लिए आया था। अब मुझे खापरखेड़ा जाना है। यहां आया तो बसों की हड़ताल हो गई है। अब पहले सदर जाऊंगा, वहां से ऑटो लेकर घर जाऊंगा।

कंडक्टरों की मांग
हड़ताल के दौरान कंडक्टरों ने मांग की कि जब वह ड्यूटी पर आ रहे हों या फिर वापस लौट रहे हों, तो उस समय उनसे पैसे वसूल न किए जाएं। नौकरी से निकाले गए कर्मचारियों को तुरंत वापस लिया जाए और वेतन से की गई कटौती को वापस किया जाए।

ये हैं आरोप
कंडक्टरों पर आरोप है कि वह बस में यात्रा करने वाले यात्रियों में से सिर्फ 2-5 को ही टिकट देते हैं, शेष यात्रियों से किराया लेकर रख लेते हैं। बसों में बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों को पकड़ने वाली टीम भी इनसे मिली हुई है। हालांकि इस टीम पर कभी कोई कार्रवाई नहीं हुई। दोनों की मिलीभगत से बिना टिकट यात्रियों का धंधा खूब चल रहा है। वहीं हड़ताल के लिए भड़काने वाले भाऊराव रेवतकर और अंबादास शेंडे पर परिवहन विभाग द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

24 को निकाला गया
बंटी कुकड़े, सभापति, परिवहन विभाग  का कहना है कि मनपा के विशेष पथक ने 24 कंडक्टरों को पकड़ा। इनकी बसों में सिर्फ 2 से 5 टिकट वाले यात्री ही पाए गए थे, शेष 30 से 40 यात्री बिना टिकट यात्रा कर रहे थे। इन पर कार्रवाई करते हुए उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया है। हड़ताल के लिए भड़काने वाले 2 व्यक्ति पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Similar News