घोटाले की भेंट चढ़े मंत्रालय के 3 लाख चूहे, BJP नेता खडसे ने की जांच की मांग

घोटाले की भेंट चढ़े मंत्रालय के 3 लाख चूहे, BJP नेता खडसे ने की जांच की मांग

Tejinder Singh
Update: 2018-03-22 14:09 GMT
घोटाले की भेंट चढ़े मंत्रालय के 3 लाख चूहे, BJP नेता खडसे ने की जांच की मांग

डिजिटल डेस्क, मुंबई। वरिष्ठ BJP नेता एकनाथ खडसे ने एक बार फिर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर अप्रत्यक्ष रुप से निशाना साधते हुए मंत्रालय में रिकॉर्ड समय में चूहे मारे जाने पर सवाल उठाए। RTI का हवाला देते हुए खडसे ने विधानसभा में कहा कि मंत्रालय में एक सप्ताह के भीतर तीन लाख 19 हजार चार सौ चूहे मारे जाने का दावा किया गया है। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड बताते हैं कि मंत्रालय में रोजाना नौ टन से ज्यादा चूहे मारे गए लेकिन इन मरे हुए चूहों को कहां और कैसे ठिकाने लगाया गया इसकी जानकारी देने के लिए कोई तैयार नहीं है। घोटाले का शक जताते हुए उन्होंने इस मामले की जांच की मांग की है। 

खडसे ने बताया घोटाला, जांच की मांग 
खडसे ने मुख्यमंत्री के अधीन सामान्य प्रशासन विभाग और गृहविभाग के कामकाज पर सवाल उठाए। खडसे ने कहा कि मुंबई महानगर पालिका दो साल में छह लाख चूहे मारती है। लेकिन मंत्रालय में एक सप्ताह के भीतर यानी 3 मई 2016 से 10 मई 2016 तक तीन लाख 19 हजार चार सौ चूहे मारने का कारनामा कर दिखाया। उन्होंने कहा कि मंत्रालय के चूहे मारने के लिए एक कंपनी को छह महीने का समय मिला था लेकिन उसने सात दिनों में ही यह काम खत्म कर दिया। खडसे ने बताया कि कंपनी के साथ हुए करारनामे के मुताबिक चुहे मारने के लिए छह महीने की अवधि तय गई थी। लेकिन वर्क ऑर्डर में दो महीने की अवधि थी पर लेखाजोखा पुस्तिका में काम पूरा होने की अवधि सात दिन ही दिखाई गई है। यानी इस दौरान मंत्रालय में रोजाना औसतन 44 हजार 628 से ज्यादा चूहे मारे गए। 

कैसे लाए चूहे मारने का जहर 
खडसे ने सवाल किया कि जिस कंपनी को चूहे मारने का ठेका मिला था उसके पास मंत्रालय में जहर लाने की अनुमति नहीं थी। गृह विभाग और सामान्य प्रशासन विभाग की अनुमति के बिना विष मंत्रालय में कैसे लाया गया? खडसे ने कहा कि किसान धर्मा पाटील ने जो जहरीला पदार्थ पीकर आत्महत्या की थी वह चूहे मारने की दवा थी। खडसे ने इस पूरे मामले की जांच की मांग की। 

Similar News