महिला कर्मचारी से कोच अटेंडेंट ने की छेड़छाड़,  प्रकरण दर्ज

महिला कर्मचारी से कोच अटेंडेंट ने की छेड़छाड़,  प्रकरण दर्ज

Anita Peddulwar
Update: 2020-03-03 07:08 GMT
महिला कर्मचारी से कोच अटेंडेंट ने की छेड़छाड़,  प्रकरण दर्ज

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  रेलवे में कार्यरत महिला कर्मचारियों के साथ प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से छेड़छाड़ के मामले सामने आ रहे हैं। कुछ दिनों पहले सिंदी रेलवे क्रॉसिंग पर ड्यूटी के दौरान महिला से छेड़छाड़ की गई। सोमवार को भी इसी तरह की घटना अजनी यार्ड में ट्रेन की सफाई के दौरान हुई। महिला सफाई कर्मचारी के साथ कोच अटेंडेंट ने छेड़छाड़ की। महिला ने शोर मचाते ही उसके अन्य साथी इकट्ठा हो गए, जिन्हें देखकर कोच अटेंडेंट भाग गया। इसकी शिकायत महिला ने जीआरपी थाना नागपुर में की है। 

यह है मामला
40 वर्षीय फरियादी महिला अंजलि (परिवर्तित नाम) के शिकायत पत्र के अनुसार सोमवार को वह नागपुर यार्ड में ड्यूटी पर थी। सुपरवाइजर ने उसे अन्य साथियों के साथ ट्रेन में सफाई का काम दिया था। अजनी यार्ड में वह इंदाैर-नागपुर एक्सप्रेस के एसी कोच बी-2 में काम कर रही थी, तभी करीब 1.30 बजे एसी कोच अटेंडेंट बालेंद्र कुमार पाठक वहां पहुंचा और अंजलि को अकेले देख छेड़छाड़ करने लगा। अंजलि घबरा गई और उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनते ही अन्य साथी कर्मचारी वहां इकट्ठा  हो गए। यह देखते ही बालेंद्र वहां से भाग खड़ा हुआ। देर रात जीआरपी थाने में प्रकरण दर्ज कर लिया गया। 

सदमे के कारण अब तक ड्यूटी ज्वाइन नहीं की
बीते दिनों 20 फरवरी को मध्य रेलवे नागपुर मंडल अंतर्गत सिंदी रेलवे क्रॉसिंग पर महिला कर्मचारी ड्यूटी पर थी। रात करीब 10.30 से 11 बजे के बीच एक अज्ञात व्यक्ति ने महिला से छेड़छाड़ की थी। महिला का शोर सुनकर आस-पास के लोग जमा हुए, तो आरोपी फरार हो गया था। इस घटना से महिला को गहरा सदमा लगा। सूत्रों के अनुसार महिला ने ट्रांसफर की मांग की थी, लेकिन उसे ट्रांसफर नहीं दिया गया। सदमे के कारण महिला ने अब तक ड्यूटी ज्वाइन नहीं की है। इस तरह की घटनाओं से रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था कटघरे में है। 
 

Tags:    

Similar News