कलेक्टर बोलीं निडर होकर ड्यूटी करें महिला कर्मचारी, समस्या आने पर तत्काल मिलेगी मदद

कलेक्टर बोलीं निडर होकर ड्यूटी करें महिला कर्मचारी, समस्या आने पर तत्काल मिलेगी मदद

Bhaskar Hindi
Update: 2018-11-18 12:36 GMT
कलेक्टर बोलीं निडर होकर ड्यूटी करें महिला कर्मचारी, समस्या आने पर तत्काल मिलेगी मदद

डिजिटल डेस्क जबलपुर। विधानसभा चुनाव के दौरान बनाये गए पिंक बूथों पर तैनात महिलाओं से निडर होकर चुनाव डयूटी करने का आव्हान कलेक्टर छवि भारद्वाज ने किया है। छवि भारद्वाज रविवार को मतदान दलों की दी जा रही फाइनल ट्रेनिंग का निरीक्षण करने पहुचीं थीं। उन्होंने पिंक बूथ पर तैनात महिलाओं को दी जा रही अन्तिम दौर की ट्रेनिंग के दौरान कहा कि जहां पांच महिलायें इकट्ठा हो जाये वहां वे सभी पर भारी पड़ जाती हैं, इसलिए आपको घबराने की जरूरत नहीं है। दरअसल कलेक्टर के पहुंचने पर कुछ महिला कर्मियों ने आशंका जताई की उनकी पोलिंग पार्टी में एक भी पुरूष कर्मी शामिल नहीं किया गया है, जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

कलेक्टर ने कहा कि किसी भी पिंक बूथ पर कोई परेशानी आने पर वे स्वयं कमान संभालेगी। छवि भारद्वाज ने कहा की पिंक पोलिंग बूथ पर तैनात महिलाओं के सुरक्षा दल में महिला आरक्षकों ही को भेजा जाएगा। बूथ पर महिलाओं के रुकने की सुरक्षित व्यवस्था, बूथ के नजदीक एक घर की व्यवस्था, गर्म पानी की व्यवस्था, वॉशरूम, मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा संबंधित बीएलओ द्वारा आवश्यकतानुसार अन्य व्यवस्थायें भी की जायेंगी। कलेक्टर ने सभी महिलाओं से उनकी समस्याएं पूछीं तथा दो महिला कर्मियों की तकलीफ को देखते हुए उनकी डयूटी निरस्त करने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि विधानसभा का चुनाव कराने नियुक्त मतदान कर्मियों का अंतिम चरण का प्रशिक्षण आज रविवार को भी होमसाइंस कॉलेज एवं मॉडल हाई स्कूल में जारी रहा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर छवि भारद्वाज ने सुबह प्रशिक्षण का अवलोकन किया। होमसाइंस कालेज में आयोजित प्रशिक्षण के अवलोकन के दौरान निर्वाचन आयोग की प्रेक्षक माधवी कटारिया विशेष तौर पर मौजूद थीं। भारद्वाज ने पिंक बूथ पर मतदान की समूची प्रक्रिया को सम्पादित करने के लिए नियुक्त महिला मतदान कर्मियों को सम्बोन्धित किया और उनका हौसला बढ़ाया। कलेक्टर ने महिला मतदान कर्मियों से कहा कि चुनाव कराना भी उनके लिए कठिन काम नहीं है, यह कर दिखाने के लिए उन्हें पूरे आत्मविश्वास से और निडर होकर दायित्वों निर्वाह करना होगा।

छवि भारद्वाज ने महिला चुनाव कर्मियों को आश्वस्त किया कि मतदान के दौरान उन्हें किसी भी तरह की समस्या आने पर तत्काल उनकी मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान वैसे तो कोई कठिनाई नही आने वाली और यदि आती भी है तो सम्पर्क करने पर ज्यादा से ज्यादा दस मिनट के भीतर उनकी मदद के लिये मतदान केंद्रों पर पहुंच जाएंगे। मतदान दलों के प्रशिक्षण कार्यक्रम कर तहत रविवार को विधानसभा क्षेत्र जबलपुर पूर्व और विधानसभा क्षेत्र जबलपुर उत्तर के मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण दिया गया।

 

Similar News