जब सड़क की ऊंचाई बढ़ी, तो तकनीक की मदद से 25 साल पुराने घर को तीन फीट ऊपर उठा दिया

जब सड़क की ऊंचाई बढ़ी, तो तकनीक की मदद से 25 साल पुराने घर को तीन फीट ऊपर उठा दिया

Tejinder Singh
Update: 2019-01-12 10:54 GMT
जब सड़क की ऊंचाई बढ़ी, तो तकनीक की मदद से 25 साल पुराने घर को तीन फीट ऊपर उठा दिया

डिजिटल डेस्क, नागपुर। टेका नाका स्थित बुद्धाजी नगर गुरुद्वारा के पास एक मकान 160 जैक पर खड़ा है। दरअसल हरपाल सिंह मेहता अपने घर को बगैर तोड़फोड़ किए तीन फीट ऊपर करना चाहते हैं। नागपुर में जैक लगाकर मकान को उठाकर नींव बढ़ाने का यह पहला मामला है। इस काम के लिए कुरुक्षेत्र से विशेषज्ञ आए हैं। काम पिछले एक माह से जारी है और मकान अब तक मकान 1.5 फीट ऊपर उठ चुका है। मकान को तीन फीट ऊपर करने में और एक माह का समय लगेगा। मेहता के अनुसार इस कार्य में कुल 6 लाख की लागत आने की संभावना है। 

घर नीचे, सड़क ऊंची हो गई
हरपाल सिंह मेहता ने बताया कि उन्होंने 1993 में तीन हजार वर्ग फीट के प्लॉट पर 1600 वर्ग फीट का मकान बनवाया था। समय के साथ घर के बाहर की सड़क ऊंची होती चली गई। सड़क की तुलना में घर नीचे होने से बारिश का पानी घर में घुस जाता है। समस्या से निपटने के लिए उन्हें कई सुझाव मिले। इस बीच उन्हें दिल्ली निवासी भाई, जो भवन निर्माण का काम करते हैं, घर को ऊपर उठाने की सलाह दी। मेहता ने खुद हरियाणा और दिल्ली जाकर ऊपर उठाए गए कई घरों को देखे और यह तरीका अपनाने का फैसला लिया था। 

पश्चिमी देशों में प्रचलित है तकनीक
पश्चिमी देशों में बाढ़ से बचने बिल्डिंग अपलिफ्ट का तरीका वर्षों से अपनाया जाता रहा है। इमारतों को कम से कम नुकसान कर उन्हें बाढ़ से सुरक्षित करने के लिए जैक के सहारे घरों को ऊंचा कर दिया जाता है। यह तकनीक अब भारत में भी तेजी से अपनाया जा रहा है। खासकर ऐसे क्षेत्रों में जहां बाढ़ का खतरा ज्यादा है।

कई शहरों में कर चुके हैं इमारतों को ऊंचा 
इमारत को ऊपर उठाने के लिए कुरुक्षेत्र से टीम लेकर आए गुरु सिंह गुरु ने बताया कि वह पिछले 15 वर्ष से यह काम कर रहे हैं। उन्होंने अब तक सबसे ऊपर कुरुक्षेत्र में एक इमारत को 11 फीट ऊपर उठाया है, हालांकि अधिकतर इमारतें तीन से पांच फीट ऊपर किए जाते हैं। 

केरल में बाढ़ के बाद बढ़ी मांग
गुरु ने बताया कि पिछले दिनों केरल में बाढ़ आने के बाद वहां घरों को ऊंचा करने का काम काफी ज्यादा हो रहा है। दक्षिण के तटीय भागों में समतल भूमि होने और पानी भरने की समस्या ज्यादा है। वे पिछले 13 वर्ष से तमिलनाडु के चेन्नई व केरल में घरों काे ऊपर उठाने में जुटे हैं।  

पुणे में 3.5 फीट ऊंचा हो चुका है बंगला
पुणे में कुमार अय्यर अपने बंगले को साढ़े तीन फीट ऊंचा करवा चुके हैं। घर में पानी भरने की समस्या से निजात पाने घाेरपड़ी के तारदत्ता कालोनी में उन्होंने अपने 2200 वर्ग फीट के बंगले को ऊपर उठवाया था। 15 लाख की लागत पर 200 जैक लगाकर दो माह में उनका बंगला साढ़े तीन फीट ऊपर हो गया।

 

Similar News