धमकाने पर मजदूर संगठन अध्यक्ष गिरफ्तार, कार ने वृद्धा को कुचला

धमकाने पर मजदूर संगठन अध्यक्ष गिरफ्तार, कार ने वृद्धा को कुचला

Tejinder Singh
Update: 2020-02-02 08:47 GMT
धमकाने पर मजदूर संगठन अध्यक्ष गिरफ्तार, कार ने वृद्धा को कुचला

डिजिटल डेस्क, नागपुर। एक मजदूर संगठन के अध्यक्ष को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उसने कचरा संकलित करने वाली कंपनी के पदाधिकारी को धमकाया और दो लाख रुपए वसूली के रूप में मांगे। शनिवार को अदालत में पेशकर उसे एक दिन के पीसीआर में लिया गया है। गिट्टीखदान थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी अखिलेश उर्फ शिवशंकर मिश्रा (41) टीवी टावर आईबीएम रोड निवासी है। वह अखिल युवा संग्राम मजदूर संगठन का अध्यक्ष है। 6 से 30 जनवरी 2020 के बीच वह सुरेंद्रगढ़ कृष्णा नगर स्थित एजी इंवायरो कंपनी के दफ्तर में गया। वहां सुरक्षा रक्षक की पिटाई की। इसके बाद उसने कंपनी के पदाधिकारी सचिन दुर्गाप्रसाद चव्हाण (36) को धमकाया। अखिलेश ने सचिन पर कंपनी में संगठन से जुड़े 200 लोगों को काम पर लेने और प्रति माह 2 लाख रुपए वसूली की मांग की। ऐसा नहीं करने पर कंपनी की कचरा उठाने वाली गाड़ियों को शहर में  नहीं घूमने देने की धमकी दी। उल्लेखनीय है कि नागपुर महानगर पालिका (मनपा) ने नवंबर 2019 से शहर का कचरा संकलित करने का ठेका एजी इंवायरो कंपनी को दिया है। वर्तमान में यही कंपनी कचरा संकलन का काम कर रही है। गत एक माह से अखिलेश अपने संगठन के लोगों को लेकर कभी भी कंपनी के दफ्तर में आ धमकता था। दफ्तर में प्रवेश नहीं देने पर वह कंपनी के सुरक्षा रक्षकों से हाथापाई करता था। ऐसा वह पहले भी कर चुका है। फोन पर लगातार कंपनी के अधिकारियों को वसूली के लिए धमकियां दे रहा था, जिससे कंपनी को काम करने में मुश्किल हो रही थी। आखिरकार मामले की शिकायत की गई। इसकी गंभीरता से पुलिस हरकत में आई। अखिलेश को गिरफ्तार किया गया। शनिवार को अदालत में पेशकर उसे एक दिन के पीसीआर में लिया गया है। निरीक्षक सुनील गांगुर्डे ने बताया कि आरोपी की पीसीआर बढ़ाने की तैयारी की जा रही  है। इसके साथ ही इस वसूली कांड में और भी लोगों की लिप्तता होने की आशंका है। जिससे उन्हें भी सरगर्मी से तलाश किया जा रहा है।

प्लाॅट बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी, दो प्लॉट विक्रेताओं के खिलाफ इमामवाड़ा थाने में मामला दर्ज 

उधर फर्जी दस्तावेज बनाकर एक 50 वर्षीय व्यक्ति को प्लाॅट बिक्री के नाम पर ठगी करने वाले दो प्लाॅट विक्रेताओं के खिलाफ इमामवाड़ा थाने में मामला दर्ज किया गया है।  आरोपियों के नाम विपिन घरडे (44) प्लाट नंबर 10 विद्यानगर वाठोडा ले-आउट और रतनकुमार शेंद्रे (42) है। घटना 1 जनवरी 2010 से 19 दिसंबर 2019 के दरमियान हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार क्वार्टर  नं. 61/128 एलआईजी काॅलनी न्यू सोमवारी पेठ, नागपुर निवासी जगदीश पांडुरंग मोहाडीकर (50) ने प्लाट विक्रेता विपिन लक्ष्मण घरडे और रतनकुमार शेंद्रे से दो प्लाॅट खरीदा था। घरडे और शेंद्रे का भूरे काॅम्प्लेक्स तीसरी मंजिल बैद्यनाथ काम्पलेक्स में प्लाॅट खरीदी विक्री का कार्यालय है। इसी कार्यालय से जगदीश मोहाडीकर ने मौजा बोथली तहसील उमरडे जिला नागपुर स्थित खसरा क्र. 16 प.ह. न. 13 में प्लाॅट नं 16 व 17 दिखाया था। यह दोनों प्लाट पसंद आने पर जगदीश मोहाडीकर ने 2 प्लाॅट बुक किया था। जगदीश ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने दोनों प्लाट के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनसे करीब 6 लाख 98 हजार 737 रुपए ले लिया। जब आरोपियों की करतूत के बारे में जगदीश को पता चला तब उन्होंने आरोपियों के खिलाफ इमामवाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी विपिन घरडे और रतनकुमार शेंद्रे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रंजिश में घोंप दिया चाकू

वहीं कपिल नगर थानांतर्गत देर रात दो मित्रों में भिड़ंत हो गई, जिसके चलते चाकू घोंप दिया गया। प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आर्य नगर निवासी वैभव उर्फ सन्नी धर्मेंद्र साखरे (25) और कपिल नगर निवासी दत्या उर्फ अभिषेक राजेंद्रसिंह (24) पहले मित्र थे, लेकिन गत कुछ महीनों पहले किसी बात को लेकर उनमें विवाद हो गया था। तभी से उनमें रंजिश जारी है। इस बीच शुक्रवार की रात करीब दस बजे के दौरान कामठी रोड स्थित नाका नंबर 2 के पास सूरज नामक ढाबा के सामने दोनों एक-दूसरे के आमने-सामने आ गए। इस दौरान भी उनमें रंजिश को लेकर विवाद हो गया, तैश में आकर अभिषेक ने जेब से चाकू निकाला और वैभव के पेट में घोंप दिया। उसे जान से मारने का प्रयास किया गया। इस बीच गंभीर हालत में वैभव को अस्पताल में भर्ती किया गया, उसकी शल्यक्रिया हुई। फिलहाल उसकी हालत नाजुक है, लेकिन खतरे से बाहर है। प्रकरण दर्ज कर अभिषेक को गिरफ्तार किया गया है। सहायक निरीक्षक बी.डी.पाटील मामले की जांच पड़ताल कर रहे हैं।

कार ने वृद्धा को कुचला

उधर हुड़केश्वर थानांतर्गत सड़क हादसे में एक वृद्धा की मौत हो गई। लापरवाह कार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। मृतका लीलाबाई युवराज अहिरकर (70) हुड़केश्वर थाना क्षेत्र की निवासी थी। शनिवार की सुबह करीब सवा आठ बजे के दौरान लीलाबाई फूल तोड़ने के लिए जा रही थी। इस दौरान कार (एमएच 49 यू 1494) के चालक ने अपना वाहन तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए लीलाबाई को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई लीलाबाई की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

अस्पताल जाते ही घर में चोरी

वहीं बेलतरोड़ी क्षेत्र में मकान को ताला लगाकर अस्पताल गई महिला के घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर गहने सहित करीब 1.39 लाख रुपए का माल चुरा ले गए। चोरी की यह घटना मनीष नगर में हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार बेलतरोड़ी क्षेत्र के जयदुर्गा ले-आउट मनीषनगर प्लाट नंबर 93 निवासी माया युवराज हाडके (55)  गत दिनों मकान को ताला लगाकर अस्पताल गई थी। इस दौरान उनके मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने चुरा ले गए। अस्पताल से घर लौटने पर माया हाडके को सारा सामान बिखरा नजर आया। अलमारी में रखे गहने पर चोर हाथ साफ कर फरार हो गया। माया हाडके ने बेलतरोड़ी थाने में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

युवक ने लगाई फांसी

वाठोड़ा थानांतर्गत शनिवार को फांसी लगाने से युवक की मौत हो गई। घटना का कारण ज्ञात नहीं हुआ है, लेकिन घटित प्रकरण को लेकर संदेह व्यक्त किया जा रहा है। इस बीच आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज किया गया है। मृतक शुभम रामाजी रामटेके 24 वर्ष प्रजापति नगर निवासी था। शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात में किसी कारण के चलते शुभम ने सिलिंग फैन से फांसी लगा ली। इससे उसकी मौत हो गई। सुबह परिजनों के उठने पर घटना का खुलासा हुआ। जांच जारी है। 
 

Tags:    

Similar News