बिल्डर के घर से नकदी सहित लाखों का सोना चोरी, अलमारी की चाबी रखनी पड़ी महंगी

बिल्डर के घर से नकदी सहित लाखों का सोना चोरी, अलमारी की चाबी रखनी पड़ी महंगी

Tejinder Singh
Update: 2019-11-13 16:25 GMT
बिल्डर के घर से नकदी सहित लाखों का सोना चोरी, अलमारी की चाबी रखनी पड़ी महंगी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बिल्डर एवं प्रापर्टी डीलर के घर में चोरी का सनसनीखेज वाकया हुआ। किसी ने नकदी सहित लाखों रुपए के सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। घटित प्रकरण में परिवार को फ्लावर पॉट में अलमारी की चाबी रखना काफी महंगा पड़ा। घटना का पता चलते ही अपराध शाखा का एक दस्ता और सोनेगांव पुलिस मौके पर पहुंची। सोनेगांव थाने में आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। अब तक आरोपी का सुराग नहीं मिल पाया।

सहकार नगर निवासी मिलिंद मूकुंद जोशी (44) पेशे बिल्डर और प्रापर्टी डीलर है। 4 नवंबर 2019 को मिलिंद पत्नी और पुत्री के साथ बहन से मिलने उसके घर मुंबई गए हुए थे। इस दौरान किसी ने हॉल की खिड़की का ग्रील निकालकर घर में प्रवेश किया। कीमती माल की तलाश करते समय फ्लॉवर पॉट गिरा। पॉट में अलमारी की चाबी रखी थी। चाबी हाथ लगने से आरोपियों को अलमारी का ताला तोड़ना नहीं पड़ा। ताला खोलकर अलमारी से 70 हजार रुपए की नकदी और 700 से 800 ग्राम सोना चोरी कर ले गए। इसकी कीमत 18 लाख 8 हजार रुपए बताई जा रही है।

रिहायशी क्षेत्र में हुई इस चोरी की आस-पड़ोस के लोगों को भनक तक नहीं लगी। इस बीच एक सप्ताह मुंबई में रहने के बाद सोमवार को मिलिंद नागपुर आया। फॉवर पॉट गिरा होने से उसे गड़बड़ी की आशंका हुई। जिससे उसने अलमारी खोलकर देखी तो उसमें से नकदी और सोना गायब था। मिलिंद अकेला ही नागपुर आया था। उसकी पत्नी मंुबई में ही रुकी थी।

घटित प्रकरण की सूचना मिलते ही वह भी मंगलवार को नागपुर आ गई। इस बीच मामला थाने पहुंचा। घटना का पता चलते ही श्वान पथक और फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। घटित प्रकरण में मिलिंद ने बताया कि दिवाली में पूजा होने के कारण उसने लॉकर से सोना निकालकर घर में लाकर रखा था। इसके बाद भाई-दूज और पुत्री की छुट्टियां लगने के कारण उन्होंने मुंबई जाने का कार्यक्रम बनाया। प्रकरण दर्ज किया गया है, जांच जारी है।


 

Tags:    

Similar News