फडणवीस के उपमुख्यमंत्री बनने के निकाले जा रहे मायने, भाजपा ने महाराष्ट्र में भी लागू किया बिहार फार्मूला

उलटफेर वाला दिन फडणवीस के उपमुख्यमंत्री बनने के निकाले जा रहे मायने, भाजपा ने महाराष्ट्र में भी लागू किया बिहार फार्मूला

Tejinder Singh
Update: 2022-06-30 15:55 GMT
फडणवीस के उपमुख्यमंत्री बनने के निकाले जा रहे मायने, भाजपा ने महाराष्ट्र में भी लागू किया बिहार फार्मूला

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. महाराष्ट्र की राजनीति में गुरूवार का दिन उलटफेर वाला रहा। भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के पहले किंग से किंगमेकर बनने की घोषणा हुई। बाद में पार्टी नेतृत्व के दबाव में उन्हें मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का डिप्टी बनना पड़ा। भाजपा ने महाराष्ट्र में बिहार फार्मूला लागू कर एक बार फिर सबको चौंका दिया है। बुधवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद से उद्धव ठाकरे के हुए इस्तीफे के बाद से यह लगभग तय माना जा रहा था कि देवेन्द्र फडणवीस अगले मुख्यमंत्री होंगे और शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे उमुख्यमंत्री बनेंगे। लेकिन भाजपा नेतृत्व ने फिर चौंकाने वाला फैसला किया। फडणवीस ने गुरूवार की शाम शिंदे के मुख्यमंत्री बनने की जानकारी मीडिया को दी। लेकिन कुछ ही देर बाद फडणवीस को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेनी पड़ी। बिहार के बाद महाराष्ट्र दूसरा ऐसा राज्य है जहां भाजपा ने बड़ा दल होने के बावजूद अपने छोटे सहयोगी दल को मुख्यमंत्री का पद दिया है। ऐसा करके भाजपा यह दिखाना चाहती है कि वह बड़े दिल वाली पार्टी है और अपने सहयोगी दलों को पूरा सम्मान देती है।

सरकार को स्थायित्व देने फड़नवीस बने उपमुख्यमंत्री!

भाजपा के सूत्र बताते हैं कि फडणवीस को उपमुख्यमंत्री बनाकर पार्टी ने शिंदे सरकार को स्थायित्व देने की कोशिश की है। यह अलग बात है कि पूर्व मुख्यमंत्री को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने को पार्टी की अंदरूनी राजनीति से भी जोड़ा जा रहा है। कुछ राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि फडणवीस का नाम जिस तरह पार्टी के भविष्य के नेताओं में शुमार हो रहा था, वह कुछ नेताओं को हजम नहीं हो रहा था। हालांकि इसे फडणवीस का कद कम करने की कोशिश के रूप में देखना थोड़ी जल्दबाजी होगी। हो सकता है कि पार्टी नेतृत्व के पास महाराष्ट्र को लेकर भविष्य की कोई बड़ी योजना हो और उसमें देवेन्द्र फडणवीस को फिट किया जाए।

 

Tags:    

Similar News