कोरोना टीके को लेकर गलतफहमी दूर करने अभियान चलाएगी मोदी सरकार

कोरोना टीके को लेकर गलतफहमी दूर करने अभियान चलाएगी मोदी सरकार

Tejinder Singh
Update: 2021-06-10 12:41 GMT
कोरोना टीके को लेकर गलतफहमी दूर करने अभियान चलाएगी मोदी सरकार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। देश में वैक्सीनेशन को लेकर आंशका और अफवाहों को दूर करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर ‘जान है तो जहान है’ नाम से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने यह जानकारी दी। गुरुवार को नकवी ने हज हाऊस में हज 2021 के संबंध में समीक्षा बैठक की। पत्रकारों से बातचीत में नकवी ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े कोरोना टीकाकरण अभियान को लेकर कुछ लोग गांवों और सुदूर इलाकों में आंशका और अफवाहें फैला रहे हैं। इसलिए लोगों के मन में फैली आशंकाओं और अफवाहों को दूर करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान राज्यों की हज कमेटी, वक्फ बोर्ड, वक्फ से जुड़े सामाजिक और शैक्षणिक संस्थान, केंद्रीय वक्फ काउंसिल, मौलाना आजाद एजुकेशन फाउंडेशन और विभिन्न सामाजिक और शैक्षणिक संगठनों की मदद से चलाया जाएगा। इस अभियान में महिला स्वयं सहायता समूहों की भी मदद ली जाएगी। इसके जरिए गांवों में टीकाकरण के लिए जागरूकता फैलाई जाएगी। नकवी ने कहा कि कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर भ्रम और भय का भौकाल खड़ा करने वाले लोगों की सेहत और सलामती के नहीं बल्कि देश के भी दुश्मन है। इनसे लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। नकवी ने बताया कि देश में अभी तक 24 करोड़ 50 लाख लोगों का टीकाकरण हो चुका है।  

हज के लिए सऊदी अरब के फैसले का इंतजार 

नकवी ने कहा कि भारत ने हज 2021 के लिए तैयारी पूरी कर ली है। कोरोना महामारी के कारण कई देश अपने नागरिकों को हज यात्रा के लिए नहीं भेज पा रहे हैं। लेकिन केंद्र सरकार ने हज यात्रा के लिए सऊदी अरब सरकार के साथ खड़े रहने का फैसला लिया है। नकवी ने कहा कि हज यात्रा के लिए सऊदी अरब जो भी फैसला करेगा। भारत उस फैसले के तहत आगे बढ़ेगा। फिलहाल हमें सऊदी अरब के फैसले का इंतजार है। 

Tags:    

Similar News