कामगारों के निलंबन से बिस्कुट कंपनी में आंदोलन, मांगों पर अड़े कर्मचारी

कामगारों के निलंबन से बिस्कुट कंपनी में आंदोलन, मांगों पर अड़े कर्मचारी

Anita Peddulwar
Update: 2019-11-22 08:26 GMT
कामगारों के निलंबन से बिस्कुट कंपनी में आंदोलन, मांगों पर अड़े कर्मचारी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। तीन कामगार प्रतिनिधियों के निलंबन के बाद कामगारों ने कंपनी में आंदोलन छेड़ दिया। उमरेड रोड बहादुरा स्थित इस बिस्कुट कंपनी में फिलहाल काम बंद है। सैकड़ों कामगार गेट पर जमा होकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच श्रम अधिकारियों ने  घटनास्थल पहुंचकर कामगारों से चर्चा की। श्रम अधिकारी कामगार व प्रबंधन दोनों का पक्ष जानने के बाद आगे की कार्रवाई करेंगे। कामगार निलंबन वापस लेने की मांग कर रहे हैं। 

उमरेड रोड बहादुरा स्थित शिवम फूड कंपनी में 400 से ज्यादा कामगार कार्यरत हैं। इस महीने कामगार प्रतिनिधि ज्ञानेश्वर मिरे, अमोल उकुंडे व विजय ढोबले को निलंबित किया गया। अन्य कामगार प्रतिनिधियों ने इसका विरोध करते हुए अपनी आपत्ति से प्रबंधन को अवगत किया। पूर्व पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले व अपर श्रम आयुक्तालय से शिकायत की गई। पूर्व पालकमंत्री की तरफ से मिल बैठकर रास्ता निकालने की सूचना की गई। निलंबन नहीं हटने से नाराज कामगारों ने मंगलवार से कंपनी में काम बंद कर दिया। कामगार गेट पर खड़े होकर किसी को भीतर नहीं जाने दे रहे थे। गुरुवार को हुड़केश्वर पुलिस घटनास्थल पहुंची आैर शांति बनाए रखने का आह्वान किया। शाम को श्रम अधिकारी पी. चव्हाण की अगुवाई में एक टीम कंपनी पहुंची आैर कामगारों से चर्चा की। कामगारों ने एग्रीमेंट के मुताबिक काम नहीं होने व कामगारों को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। 

निलंबन वापस लो
तीनों कामगार प्रतिनिधियों का निलंबन वापस होना चाहिए। एग्रीमेंट के मुताबिक काम होना चाहिए। कामगारों की प्रताड़ना बंद होनी चाहिए। श्रम आयुक्तालय में की गई शिकायतों पर कार्रवाई होनी चाहिए।  - मनोज अतकरी, कामगार प्रतिनिधि

जांच चल रही 
शिकायत मिलने के बाद हमारी टीम ने कंपनी का मुआयना किया। कामगार व प्रबंधन दोनों से बात की गई। कामगारों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। प्रबंधन प्रतिनिधि व कामगार प्रतिनिधि को कार्यालय बुलाया गया है। जांच जारी है।
- पी. चव्हाण, श्रम अधिकारी, अपर श्रम आयुक्तालय नागपुर. 
 

Tags:    

Similar News