मेट्रो से सीधे शापिंग मॉल पहुंचेंगे यात्री, शहर का यह स्टेशन होगा खास
मेट्रो से सीधे शापिंग मॉल पहुंचेंगे यात्री, शहर का यह स्टेशन होगा खास
डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर की सुंदरता को चार चांद लगाने वाले मेट्रो को लेकर जहां लोगों में उत्सुकता बनी हुई है, वहीं इसके विकास में नई-नई कड़ी जुड़ती जा रही है। मेट्रो संचालन के साथ ही मेट्रो स्टेशन पर आने वाले यात्री स्टेशन से सीधे शॉपिंग मॉल में पहुंच सकेंगे। नागपुर में बन रहे मेट्रो के जयप्रकाश स्टेशन पर यह सुविधा मिलेगी मेट्रो व मनपा ने इस संबंध में सामंजस्य करार किया गया है। जिसमें महा मेट्रो शॉपिंग मॉल बनाकर मनपा को सौंपेगी। यह शॉपिंग मॉल कुल 8 मंजिला रहेगा। इसकी तीसरी मंजिल सीधे स्टेशन से जुड़ी होगी। ऐसे में यहां आने वाले यात्री स्टेशन से मॉल व मॉल में आने वाले सीधे यही से स्टेशन तक पहुंच सकेंगे। शहर में बनने वाला यह अनोखा मॉल होगा, जो शहवासियों के लिए आकर्षण का केन्द्र रहेगा। सिविल लाइंस स्थित मेट्रो के कार्यालय में इस संबंध में बैठक हुई है।
रिच-1 का निर्माण कार्य तेजी से हो रहा है। मार्च 19 तक इसे चलाने का निर्णय मेट्रो ने लिया है। ऐसे में इस सेक्शन में बन रहे 10 स्टेशनों का 60 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। बर्डी के बाद कांग्रेस नगर, प्रजापति नगर, अजनी स्टेशन के बाद वर्धा रोड पर एलिवेटेड मेट्रो रूट से लगकर जयप्रकाश नगर स्टेशन बनाया जा रहा है। जो सड़क के दोनों ओर बना है। इस स्टेशन को ऊपर से दोनों चोर को जोड़ा है। रास्ते के दोनों तरफ से यात्री स्टेशन पर आना-जाना कर सकेंगे। ऐसे में अब इसे जोड़कर एक 8 मंजिला मेट्रो मॉल भी बनाया जा रहा है। जिसमें 49 कार व 98 दोपहिया वाहनों को रखने का इंतजाम किया है। मॉल का कुल निर्माणकार्य 10 हजार स्क्वेअर फीट पर रहेगा। इसकी उंचाई 45 मीटर रहेगी। मेट्रो इसका निर्माण कर मनपा को सौंपेगी।
सुनेंगे आमजन की समस्याएं
नागपुर संतरानगरी में महामेट्रो ने शहर में कई सारी जगह विभिन्न विकास कार्यों के लिए जगह मांगी है। इसमें पाटनी ऑटोमोबाइल चौक से गड्डीगोदाम चौक, वर्धा रोड पर प्राइड होटल से सोनेगांव पुलिस स्टेशन तक, विवेकानंद नगर चौक से पॉल काम्प्लेक्स और सोमलवाड़ा व अजनी में मेट्रो से लगी हुई जमीन की मांग की। मनपा की आमसभा में निर्णय लिया गया कि मेट्रो द्वारा मांगी गई जगह देने पर विचार किया जाएगा। जिन लोगों की जमीन जाएगी उनकी समस्याओं को सुनेंगे और नगरसेवकों को प्रजेंटेशन देना होगा।
जानकारी के अनुसार महामेट्रो पाटनी ऑटोमोबाइल चौक से गड्डीगोदाम चौक तक मेट्रो फोरलेन फ्लाइओवर बनाएगा। इसके लिए मनपा को अपने विकास प्रारूप में बदलाव करने होंगे। क्योंकि सड़क की चौड़ाई 30 मीटर से बढ़ाकर 37 मीटर करनी पड़ेगी। वहीं वर्धा रोड पर होटल प्राइड से सोनेगांव पुलिस स्टेशन तक 350 मीटर व विवेकानंद नगर चौक से पॉल काम्प्लेक्स तक 340 मीटर रैम्प व फ्लाइओवर बनाने के लिए 30 मीटर की सड़क को 38 मीटर करना होगा। इसके साथ ही अजनी व सोमलवाड़ा में मेट्रो से लगी हुई जगह की सड़क को 30 से 38 मीटर करने का प्रस्ताव रखा गया था। इस आमसभा में निर्णय लिया गया कि, मेट्रो द्वारा मांगी गई जगह पर आम जनता की आपत्ति ली जाएंगी। वहीं स्थानीय नगरसेवकों को उसका प्रजेंटेशन दिया जाएगा। मेट्रो द्वारा मांगी गई जगह को सीधा-सीधा नहीं दिया जाएगा।
समस्याएं हल करने रखेंगे ध्यान
मेट्रो को जगह देने के कारण कुछ लोगों की अधिकतम जगह जाने की बात सामने आई है। ऐसे में उनकी समस्या को ध्यान में रखकर प्रस्ताव वापस भेजा गया है। प्रस्ताव में सुधार होगा और नागरिकों को परेशानी न हो इस बात का ध्यान रखा जाएगा। इसका प्रजेंटेशन स्थानीय नगरसेवकों को दिया जाएगा।
संदीप जोशी, सत्तापक्ष नेता, मनपा