ट्रेन पकड़ने इधर से उधर भाग रहे यात्री , वॉशेबल एप्रान के काम ने बढ़ाई परेशानी

ट्रेन पकड़ने इधर से उधर भाग रहे यात्री , वॉशेबल एप्रान के काम ने बढ़ाई परेशानी

Anita Peddulwar
Update: 2020-02-03 07:55 GMT
ट्रेन पकड़ने इधर से उधर भाग रहे यात्री , वॉशेबल एप्रान के काम ने बढ़ाई परेशानी

डिजिटल डेस्क,  नागपुर ।  नागपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर वॉशेबल एप्रॉन का कार्य किया जा रहा है। इस कारण यहां से एक्सप्रेस, मेमू और पैसेंजर ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया है। कई ट्रेनें अजनी, इतवारी और बल्लारशाह से संचालित की जा रही हैं और वहीं पर समाप्त की जा रही है। इससे यात्रियों काे काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नागपुर से गुजरने वाली खास एक्सप्रेस गाड़ी नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस है। साथ ही नागपुर-वर्धा पैसेंजर रद्द होने से भी यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।

 मुख्य रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद अजनी स्टेशन के लिए दौड़ 
नागपुर रेलवे स्टेशन से चलने वाली महत्वपूर्ण 12290 नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस को अजनी से संचालित किया जा रहा है। साथ ही 12289 मुंबई-नागपुर दुरंतो एक्सप्रेस को भी अजनी स्टेशन पर ही समाप्त किया जा रहा है। यह एक्सप्रेस गाड़ी प्रतिदिन चलाई जाती है। प्रतिदिन चलाने के बाद भी इसमें लंबी प्रतीक्षा सूची रहती है। नागपुर-मुंबई दुरंतो रात 8.40 मिनट पर नागपुर से छूटती थी, जिससे नागपुर स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ रहती थी। अब यह भीड़ अजनी स्टेशन पर नजर आने लगी है। कई यात्री हमेशा की तरह नागपुर स्टेशन पहुंच रहे हैं। वहां पर पूछताछ करने के बाद अजनी स्टेशन पहुंच रहे हैं।

पैसेंजर ट्रेनें बंद होने से बसों में बढ़ी भीड़
नागपुर से वर्धा, अमरावती और भुसावल चलने वाली पैसेंजर गाड़ियां रद्द की है, जिससे बसों में भी भीड़ बनी हुई है। वर्धा से नागपुर और नागपुर से वर्धा प्रतिदिन अप डाउन करने वालों की संख्या सैकड़ों में है। रेलवे सरल और सस्ता माध्यम होने के कारण पैसेंजर ट्रेनों का अधिक उपयोग होता है। यह पैसेंजर ट्रेनें बंद होने से बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है।

पूछताछ केंद्रों पर भीड़
नागपुर की जगह इतवारी और अजनी से ट्रेनें संचालित होने के कारण पूछताछ केंद्रों पर भी भीड़ बनी हुई है। यात्री पहले नागपुर स्टेशन पर पूछताछ कर अजनी और इतवारी पहुंच रहे हैं। अजनी स्टेशन पर भी पूछताछ केंद्रों पर भीड़ लगातार बनी हुई है। 

लूट रहे आटो चालक
नाम न छापने की शर्त पर रेलवे अधिकारी ने बताया कि नागपुर से पैसेंजर गाड़ियां रद्द होने से सबसे ज्यादा परेशानी हुई है। साथ ही नागपुर-मुंबई दुरंतो को अजनी से संचालित करने से बाहर के यात्रियों को असुविधा हो रही है। बाहर के यात्रियों को नागपुर के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं होती। यात्री पूछताछ करने के बाद जल्दी अजनी स्टेशन की आेर निकलने का प्रयास करते हैं। ऑटो चालक भी उन्हें जल्दी अजनी पहुंचाने के लिए ज्यादा किराए की मांग करते हैं। 

जानकारी मिलते ही भागे अजनी
हम मुंबई के रहने वाले हैं। हमें पता नहीं था कि ट्रेन अजनी स्टेशन से चलेगी, इसलिए नागपुर स्टेशन पहुंच गए थे। वहां जानकारी मिलने के बाद अजनी आए हैं।  -विवेक शर्मा, यात्री

शेड्यूल में देनी चाहिए सूचना 
यदि नागपुर की जगह अजनी से ट्रेन चलाई जाती है तो शेड्यूल में इस तरह की जानकारी देनी चाहिए। मैं पहले नागपुर गया वहां से किसी तरह अजनी स्टेशन पर आया हूं।  -सौरभ सिंह कुशवाह, यात्री

Tags:    

Similar News