Crime : लुटेरों ने पथराव कर आधी रात को हिरकणी बस रोकी, कुल्हाड़ी से युवक का अंगूठा काट दिया

Crime : लुटेरों ने पथराव कर आधी रात को हिरकणी बस रोकी, कुल्हाड़ी से युवक का अंगूठा काट दिया

Tejinder Singh
Update: 2020-11-22 10:37 GMT
Crime : लुटेरों ने पथराव कर आधी रात को हिरकणी बस रोकी, कुल्हाड़ी से युवक का अंगूठा काट दिया

डिजिटल डेस्क, नागपुर। उपराजधानी में क्राइम का ग्राफ लगातार बढ़ते ही जा रहा है। शुक्रवार की रात करीब 11.30 बजे गणेशपेठ डिपो की बस यात्रियों को लेकर नागपुर आ रही थी। लातूर जिले के अहमदपुर के पास अचानक बस पर पथराव होने लगा। शीशे पर टकराते पत्थरों से यात्री हड़बड़ा उठे। उस समय कई नींद में थे। यात्रियों के शोर से वे भी घबरा उठे। चालक ने बस रोकी, तो आपराधिक प्रवृति के 4 लोग चालक और कंडक्टर के साथ भिड़ गये। ड्राइवर के हाथों पर चाकू मार दिया। इसके बाद बात बढ़ते देख आरोपी वहां से भाग निकले। घटना के बाद ढाई घंटे तक यात्रियों के साथ बस बीच रास्ते में अटकी रही। प्राथमिक तौर पर लूट के इरादे से बस पर पथराव करने का अंदेशा है। ड्राइवर दामाजी दिप्ते के अनुसार, गणेशपेठ डिपो की बस (क्र. एमएच 14 बीटी 5034) हिरकणी बस रोज की तरह 34 से 40 यात्रियों को लेकर सोलापुर से नागपुर के लिए निकली थी। रात करीब 11.30 बजे बस लातूर जिले के अहमदपुर पार कर रही थी। दरमियान यह घटना हुई।  आरोपियों के वहां से भाग जाने के बाद स्थानीय डिपो को जानकारी दी गई। फिर वहीं के एक स्थानीय अस्पताल में हम बस लेकर पहुंचे। वहां हाथ में जहां चाकू का घाव हुआ था, वहां  16 टांके लगाए गए। इस दौरान लगभग ढाई घंटे तक यात्री बीच सफर में ही फंसे रहे। स्थानीय ड्राइवर ने बस को मध्यरात्रि गणेशपेठ डिपो पर लाया। नीलेश बेलसरे, विभाग नियंत्रक, एसटी महामंडल के मुताबिकलातूर डीसी द्वारा अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। ड्राइवर को चिकित्सकीय सुविधा दी जा रही हैं। सभी यात्री सकुशल नागपुर पहुंचे हैं।  

एक ही प्लॉट दो लोगों को बेचा

उधर नंदनवन थानांतर्गत एक ही प्लॉट दो लोगों को बेचे जाने का खुलासा हुआ है। आरोपी मनोज मोतीराम डोर्लीकर (34) मोतीलाल नगर और पंकज मनोहर हरडे (38) भोले नगर निवासी है। 5 नवंबर 2019 से अभी तक आरोपियों ने मौजा हरपुर पहन 39, खसरा नंबर 22 और 23 रमना मारोती नगर स्थित प्लॉट नंबर 6 पहले पलांदुकर नामक व्यक्ति को बेचने का करार किया था। इसके बाद वही प्लॉट गरोबा मैदान निवासी नागसेन डोंगरे को बेच दिया। इससे डोंगरे को 26 लाख रुपए की चपत लग गई। मामला थाने पहुंचा।

दो शातिर चोर गिरफ्तार

वहीं दो शातिर चोरों को तहसील पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम राहुल राजेंद्र भांडककर (29) नरसाला अंबिकानगर और प्रसाद नगराले (30)  बुटीबोरी सातगांव निवासी है। आरोपी राहुल पुराना सेंधमार है। उस पर चोरी, लूटपाट, सेंधमारी, मारपीट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। राहुल को इससे पहले भी गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस सूत्रों के अनुसार खुशाल धकाते की गत 17 सितंबर को डागा अस्पताल के पास खड़ी दोपहिया वाहन (एमएच 49 एजेड-6149) चोरी हो गई थी। उसने तहसील थाने में दोपहिया वाहन चोरी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज किया। इस मामले में जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला। उसमें आरोपी राहुल भांडककर और उसके साथी प्रसाद के बारे में सुराग मिला। पुलिस ने इन दोनों की खोजबीन शुरू की।  शनिवार को तहसील पुलिस ने आरोपी राहुल भांडककर और उसके मित्र प्रसाद नगराले को वाहन चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों ने पुलिसिया पूछताछ में डागा अस्पताल के पास से उक्त नंबर की दोपहिया वाहन चुराने की बात कबूल की। आरोपी राहुल अपने मित्र प्रसाद के साथ बुटीबोरी में किराए के मकान में रहता था। यह दोनों दोस्त चोरी करने के लिए नागपुर आते थे। घटना को अंजाम देने के बाद बड़ी आसानी से बुटीबोरी भाग जाया करते थे। दोनों आरोपियों से पुलिस ने दो दोपहिया वाहन सहित करीब 50 हजार रुपए का माल जब्त किया है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में तहसील पुलिस ने कार्रवाई की।   
 

कुल्हाड़ी से युवक का अंगूठा काट दिया

उधर कामठी में मामूली विवाद के चलते युवक की हत्या का प्रयास किया गया। बुजुर्ग ने कुल्हाड़ी से युवक का अंगूठा काट दिया। कंधे पर भी वार किया। शनिवार को नई कामठी थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। 
लिहिगांव निवासी सुशांत बोरकर मित्र पाैलुश ढोके और नेपाल वासनिक के साथ ग्रीन नामक जिम के सामने बैठकर आपस में बातें कर रहे थे। तभी सुशांत का पड़ोसी तुलसीराम मेश्राम (70) वहां पर हाथ में कुल्हाड़ी लेकर आया। उसने सुशांत के सिर पर कुल्हाड़ी से वार करने का प्रयास किया। हमला होने का एहसास होते ही सुशांत ने वार हाथ पर झेल लिया। जिससे उसके एक हाथ का अंगूठा कटकर अलग हो गया। इसके तत्काल बाद तुलसीराम ने दूसरा वार किया, जो सुशांत के कंधे पर लगा। मित्रों और बस्ती के अन्य लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। तुलसीराम के हाथ से कुल्हाड़ी छीन ली। इसके तत्काल बाद कटा हुए अंगूठे के साथ सुशांत को कामठी स्थित निजी अस्पताल में ले जाया गया। वहां पर गंभीर हालत में उसका इलाज जारी है। घटित प्रकरण में सुबह सुशांत और तुलसीराम के बीच में गटर के पानी और साफ सफाई को लेकर विवाद हुआ था। बाद में यह मामला शांत भी हो गया, लेकिन तुलसीराम ने सुशांत से बदला लेने की ठान ली थी। जिसके चलते उसने कुल्हाड़ी से उसकी हत्या करने का प्रयास िकया। इस बीच प्रकरण दर्ज कर तुलसीराम को गिरफ्तार किया गया है, जांच जारी है।

परिवार के शादी में जाते ही घर में हुई चोरी


बेकरी संचालक के घर में चोरी हो गई। घटना के दौरान परिवार शादी में गया था। शांति नगर थाने में शनिवार को प्रकरण दर्ज किया गया है, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला है। शांति नगर स्थित हातिम अपार्टमेंट निवासी सलीम अहमद (38) की बेकरी है। शुक्रवार की रात सलीम की भांजी की शादी हुई, जिसमें सलीम परिवार के साथ रात साढ़े नौ बजे पांचवें माले पर स्थित फ्लैट में ताला लगाकर शादी में गया था। जब वह रात डेढ़ बजे घर लौटा, तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। किसी ने अलमारी से 95 हजार रुपए नकद और सोने के आभूषण कुल 2 लाख रुपए के माल पर हाथ साफ िकया है। अपार्टमेंट में अौर भी लोग परिवार के साथ रहते हैं, लेकिन घटना के समय अधिकांश लोग शादी में गए थे, जो थे, उन्हें भनक तक नहीं लगी। सहायक उपनिरीक्षक नारायण तिवारी ने प्रकरण दर्ज किया है। जांच जारी है।  

अलमारी से 6.90 लाख रुपए का माल चोरी

जरीपटका क्षेत्र में एक वृद्ध महिला के कमरे में रखी अलमारी से सोने के गहने व नकदी सहित करीब 6 लाख 90 हजार रुपए का माल चोरी हो गया। वृद्ध महिला को पैसे की जरूरत पड़ने पर जब अलमारी खोलकर देखा तब चोरी की बात पता चली। महिला अकेली रहती थी। उसने खुद की देखभाल के लिए पूजा मेश्राम नामक केयर टेकर को रखा था। पूजा करीब 15 दिन से काम पर नहीं आ रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार  प्लाट नं.  3, सिंधुनगर साेसाइटी, जरीपटका, नागपुर निवासी सुनील इंद्रकुमार केवलरामानी (40) ने जरीपटका थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी 80 वर्षीय बुआ कमला सुंदरलाल वासवानी जरीपटका क्षेत्र में प्लाट नं. 302, एकता अपार्टमेंट, सीएमपीडीआई राेड, नागपुर में अकेली रहती है। उसकी बुआ ने पूजा मेश्राम को केयर टेकर के तौर पर काम पर रखा था। वह काम पर नहीं आ रही थी।  कमला को पैसे की जरूरत पड़ने पर अलमारी खोलकर देखा तो उनके होश उड़ गए। अलमारी में रखे सोने के गहने व नकदी 2,50,000 रुपए चोरी हो गए थे। कमला के कमरे में 2 अक्टूबर से 20 नवंबर के दरमियान यह घटना हुई। कमला ने यह बात अपने भतीजे सुनील केवलरामानी को बताई। तब सुनील ने जरीपटका थाने में जाकर शिकायत की। जरीपटका थाने के हवलदार दीपक ने धारा 380 के तहत मामला दर्ज किया है।

लावारिस बैग से रहें दूर

रेलवे के बम निरोधक दस्ते ने  इतवारी, कामठी व नागपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने काे कहा। बताया कि, लावारिस बैग पड़े होने की स्थिति में यात्रियों को क्या करना चाहिए, ताकि अापराधिक गतिविधि पर लगाम लगाई जा सके।

 

Tags:    

Similar News