सुबोध जायसवाल बने राज्य के नए पुलिस महानिदेशक, कहा- भ्रष्टाचार मुक्त पुलिस प्राथमिकता 

सुबोध जायसवाल बने राज्य के नए पुलिस महानिदेशक, कहा- भ्रष्टाचार मुक्त पुलिस प्राथमिकता 

Tejinder Singh
Update: 2019-02-28 14:46 GMT
सुबोध जायसवाल बने राज्य के नए पुलिस महानिदेशक, कहा- भ्रष्टाचार मुक्त पुलिस प्राथमिकता 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुबोध जायसवाल ने राज्य के पुलिस महानिदेशक का पद संभाल लिया है। पद संभालने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र पुलिस हर तरह के खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने भ्रष्टाचार मुक्त पुलिस विभाग को अपनी प्राथमिकता बताया। साथ जायसवाल ने कहा कि पुलवामा आतंकी हमले के बाद यवतमाल में कश्मीरी छात्रों पर हुए हमले के मद्देनजर सभी पुलिस मुख्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ऐसे हमले रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई करें। जायसवाल ने कहा कि कश्मीरी छात्रों के खिलाफ हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। पुलिसवालों को उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। 

संजय बर्वे को मुंबई पुलिस की कमान

मुंबई पुलिस आयुक्त पद पर रहते जायसवाल ने भ्रष्टाचार में लिप्त पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्ती दिखाई थी और घूस लेते हुए पकड़े गए तीन पुलिसकर्मियों को बर्खास्त कर दिया था। इसके अलावा कई पुलिसवालों को कम महत्वपूर्ण जगहों पर भेज दिया गया था। राज्य के पुलिस मुखिया पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद जायसवाल ने संकेत दिए हैं कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उनके कड़े तेवर बरकरार रहेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस महकमें से भ्रष्टाचार खत्म करने पर उनका जोर रहेगा। पाकिस्तान के साथ तनावपूर्ण हालात को देखते हुए जायसवाल ने कहा कि पुलिस राज्य की आंतरिक सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है किसी खतरे से निपट सकती है। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा के लिए भी चाकचौबंद इंतजाम किए जाएंगे। इसके अलावा पुलिसकर्मियों की सेहत पर भी पूरा ध्यान दिया जाएगा। जायसवाल 1985 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। अब तक महाराष्ट्र पुलिस महानिदेशक पद संभाल रहे दत्ता पडसलगीकर को राज्य सरकार ने दो बार तीन-तीन महीने का सेवा विस्तार दिया था। 

संजय बर्वे को मुंबई पुलिस कमिश्नर की जिम्मेदारी

संजय बर्वे को मुंबई पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। जायसवाल की जगह नियुक्त किए गए बर्वे ने कहा कि शहर में कानून व्यवस्था की हालत बेहतर करना उनकी प्राथमिकता है। इसके अलावा साइबर और आर्थिक अपराधों पर लगाम लगाने की भी उनकी कोशिश होगी। बर्वे ने कहा कि शहर में हालात सामान्य हैं वे मुंबईकरों से अपील करते हैं कि वे चौकन्ने रहें और आसपास संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखे तो इसकी जानकारी पुलिस को दें। बर्वे इससे पहले भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में बतौर पुलिस महानिदेशक तैनात थे। 
 

Similar News