महाभारत- द एपिक टेल में बंधे रहे दर्शक, टीवी का दृश्य स्टेज पर देखा तो स्तब्ध रह गये

महाभारत- द एपिक टेल में बंधे रहे दर्शक, टीवी का दृश्य स्टेज पर देखा तो स्तब्ध रह गये

Anita Peddulwar
Update: 2019-11-25 08:59 GMT
महाभारत- द एपिक टेल में बंधे रहे दर्शक, टीवी का दृश्य स्टेज पर देखा तो स्तब्ध रह गये

डिजिटल डेस्क, नागपुर । महाभारत का युद्ध समाप्त हो गया है। हर तरफ लाशें बिछी हुई हैं, सब कुछ उजड़ चुका है।  इसी बीच धरती माता उठती हैं और बताती हैं कि कैसे मानव उनकी सबसे अहम रचना थी। इस रचना ने उन्हें क्या लौटाया है। महानाट्य महाभारत के इस दृश्य ने दर्शकों को कुर्सी पर बंधे रहने के लिए मजबूर कर दिया। 30 वर्ष पहले टीवी पर प्रसारित होनेवाले ‘महाभारत’ का मंचन भव्य स्टेज पर देखकर सभी के रोंगटे खड़े हो गए। संतरानगरी में पहली बार महानाट्य ‘महाभारत’ का मंचन भव्य स्तर पर किया गया। 4डी स्क्रीन पर नाटक के सभी पात्रों ने अपने अभिनय की अमिट छाप छोड़ी। हमारी संस्कृति तथा भारत के इतिहास की जानकारी आज की पीढ़ी तक पहंुचाने के उद्देश्य से महानाट्य का मंचन रविवार   को मानकापुर स्थित क्रीड़ा संकुल में किया गया। विशेष बात यह रही कि ‘महाभारत’ धारावाहिक के 48 मुख्य कलाकार एक ही मंच पर उपस्थित थे। आयोजकों में रामकुमार पाल, गुंजन मेहता, पुष्कर मेहता, मेघना कालगांवकर, मोहम्मद सलीम तथा प्रीति दास शामिल हैं। 

महानाट्य में दुर्योधन की भूमिका अभिनेता पुनीत ईस्सर, शकुनी मामा (गूफी पेइनटल), द्रोणाचार्य सुरेन्द्र पाल के साथ अन्य कलाकारों ने प्रस्तुति दी। बी. आर. चोपड़ा और रवि चोपड़ा के ‘महाभारत’ धाराविहक को छोटे पर्दे से थिएटर तक लाने का काम पुनीत इस्सर ने किया है। पुनीत इस्सर ही इसके डायरेक्टर हैं। सीरियल में उन्होंने दुर्योधन की भूमिका की थी अौर यहां भी उसी भूमिका में हैं। उन्हें स्टेज पर देखकर ऐसा नहीं लगता कि 30 साल में दुर्योधन की आग कहीं से भी बुझी हो, बल्कि वो अपने तर्कों को और धारदार करके थिएटर तक आए हैं। पुनीत इस्सर के पुत्र सिद्धांत इस्सर भी मुख्य भूमिका में नजर आए। नाटक में  संगीत, गीत, ग्राफिक्स, ड्रेस और मेकअप पर बहुत मेहनत की गई। सभी किरदारों का मेकअप भी जबरदस्त रहा। नाटक देखने के लिए बच्चे बहुत उत्साहित दिखे। भव्य स्टेज, किरदारों का अभिनय के साथ लाइट, साउंड देखकर बच्चे भी आश्चर्यचकित रह गए।
 

Tags:    

Similar News