दो किसानों पर हमला, बचाव में तेंदुए को उतारा मौत के घाट

दो किसानों पर हमला, बचाव में तेंदुए को उतारा मौत के घाट

Tejinder Singh
Update: 2018-01-14 12:38 GMT
दो किसानों पर हमला, बचाव में तेंदुए को उतारा मौत के घाट

डिजिटल डेस्क, नागपुर। उमरेड के लोहारा गांव में तेंदुए ने दो किसान भाइयों पर जमला कर दिया। बचाव में दोनो ने तेंदुए पर कुल्हाड़ी से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। हमले में बुरी तरह घायल दोनों भाइयों को इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल रैफर किया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव का महौल है। इलाके में किसी इंसान पर तेंदुए के हमले की यह पहली घटना बताई जा रही है। मारा गया तेंदुआ दो से ढाई साल की उम्र का था। गांव वन्यजीव अभयारण्य के पास ही स्थित है। रविवार सुबह दो किसान भाई रवींद्र ठाकरे और राजेंद्र ठाकरे खेत में गए थे। इस दौरान एक भाई पर तेंदुए ने हमला कर उसे घायल कर दिया। तेंदुए द्वारा भाई को दबोचा हुआ देखकर दूसरे भाई ने उस पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। इस पर तेंदुए ने उस पर भी हमला कर लहूलुहान कर दिया। लेकिन कुल्हाड़ी से किए गए हमले में तेंदुए की रीढ़ की हड्डी टूट गई। जिससे वह कमजोर हो गया। तेंदुए को कमजोर पकड़ता देख किसान भाइयों ने उस पर लाठियों से वार कर अधमरा कर दिया। इसी बीच उसकी मौत हो गई।

लोग बड़ी संख्या में सहायता के लिए खेत पहुंचे

घटना के बाद गांव के लोग बड़ी संख्या में सहायता के लिए खेत पहुंच गए। घायल भाइयों को पहले उमरेड के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां स्थिति नाजुक होने के चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका उपचार शुरू है। घटना की जानकारी मिलते ही पंचमाने के लिए वन विभाग के सहायक वन संरक्षक मंगेश ठेंगड़ी, वन परिक्षेत्र अधिकारी डी.बी. वाघ, मानद वन्यजीव रक्षक रोहित कारू, उमरेड पुलिस थाने के थानेदार पुलिस निरीक्षक प्रकाश हाके व अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

वन विभाग की अनदेखी 

बताया जा रहा है कि गांववालों ने तेंदुए के क्षेत्र में होने की सूचना वन विभाग को कई बार दी थी। लेकिन तेंदुए ने मवेशियों को शिकार बनाया। जिसके बाद में वन विभाग को जानकारी दी गई थी। तेंदुए के साथ इलाके में दिखाई देनेवाले बाघ को भी जाल बिछाकर पकड़ने की अपील गांववाले वन विभाग से की थी। लेकिन इन शिकायतों पर ध्यान देकर विभाग कुछ कदम उठा पाता, इससे पहले यह सनसनीखेज घटना सामने आ गई।

Similar News