गृह जिले के पालकमंत्री न बनाए जाने से थोरात नाराज, वडेट्टीवार को मनाने पहुंचे कांग्रेस नेता

गृह जिले के पालकमंत्री न बनाए जाने से थोरात नाराज, वडेट्टीवार को मनाने पहुंचे कांग्रेस नेता

Tejinder Singh
Update: 2020-01-09 16:51 GMT
गृह जिले के पालकमंत्री न बनाए जाने से थोरात नाराज, वडेट्टीवार को मनाने पहुंचे कांग्रेस नेता

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश की महाविकास आघाडी सरकार में मंत्रियों की नाराजगी थमने का नाम नहीं ले रही है। अब पालक मंत्रियों की नियुक्ति को लेकर नाराजगी सामने आई है। प्रदेश के राजस्व मंत्री बालासाहब थोरात अपने गृह जिले अहमदनगर का पालक मंत्री नहीं बनाए जाने से नाराज हैं। थोरात अहमदनगर का पालक मंत्री पद चाहते हैं। सूत्रों के अनुसार इस संबंध में थोरात मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखेंगे। थोरात को कोल्हापुर का पालकमंत्री बनाया गया है। जबकि अहमदनगर का पालक मंत्री ग्रामीण विकास मंत्री हसन मुश्रीफ को बनाया गया है। मुश्रीफ का गृह जिला कोल्हापुर है। महाविकास आघाडी सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री ने कहा कि जिले में सत्ताधारी पार्टी के जिस दल के विधायक ज्यादा होंगे उसी दल के मंत्री को पालक मंत्री पद दिए जाने का फार्मूला बनाया गया है। इसी आधार पर मुश्रीफ को अहमदनगर का पालक मंत्री बनाया है। अगर दोनों मंत्री आपस में अपना जिला बदलने के लिए तैयार होते हैं तो उसमें बदलाव हो सकता है। 

नाराज वडेट्टीवार को मनाने पहुंचे कांग्रेस नेता

अहम विभाग न मिलने से नाराज कांग्रेस के मंत्री विजय वडेट्टीवार को मनाने की कोशिशें गुरूवार को भी जारी रही। मुंबई में मौजूद वडेट्टीवार से मिलने वरिष्ठ कांग्रेसी नेता माणिकराव ठाकरे और युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सत्यजीत तांबे पहुंचे। दोनों नेताओं ने वडेट्टीवार से बातचीत कर उन्हें मनाने की कोशिश की। मुलाकात के बाद माणिकराव ठाकरे ने कहा कि वडेट्टीवार से सकारात्मक बातचीत हुई है। कोई बड़ी समस्या नहीं है और उनकी शिकायतें जल्द दूर कर दी जाएंगी। दरअसल वडेट्टीवार को ओबीसी, खार जमीन विकास और भूकंप राहत व पुनर्वास जैसे विभाग दिए गए हैं। वडेट्टीवार की शिकायत है कि इन विभागों से आम लोगों का ज्यादा लेना देना नहीं है। इसलिए इन विभागों के जरिए जनता से जुड़ना कठिन होगा। सूत्रों के मुताबिक वडेट्टीवार उर्जा और पीडब्ल्यूडी जैसे अहम विभाग चाहते हैं जिससे उनका जनसंपर्क बना रहे और लोगों के लिए काम कर सकें। भाजपा भी नाराज वडेट्टीवार को अपने पाले में खींचने की कोशिश कर रही है और पार्टी के कई नेता उन्हें अपनी ओर खींचने की कोशिश कर चुके हैं। 

गलती से मिला भूकंप पुनर्वसनः अजित पवार

जबकि उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि वडेट्टीवार को मदद व पुनर्वसन विभाग दिया गया था। पर मदद पुनर्वसन की जगह गलती से भूकंप पुनर्वसन हो गया। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा है कि यह गलती सुधार दी जाएगी।   
 

 

Tags:    

Similar News