करंट लगने से दो मौतें, एक किशोर ने फांसी लगाकर कर ली आत्महत्या

करंट लगने से दो मौतें, एक किशोर ने फांसी लगाकर कर ली आत्महत्या

Tejinder Singh
Update: 2018-10-07 12:17 GMT
करंट लगने से दो मौतें, एक किशोर ने फांसी लगाकर कर ली आत्महत्या

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सक्करदरा थानांतर्गत बड़ा ताजाबाद के उर्स मैदान पर करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक का नाम राजू बताया गया है। पुलिस को उसके बारे में पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है। राजू नामक मजदूर को आकाश झूला पर कार्य करते समय करंट लग गया, जिससे उसकी मौत हो गई। जब उसे करंट लगा तब किसी का उस पर ध्यान नहीं गया। वह नीचे झूले पर चिपका पड़ा था, तब वहां कार्यरत एक अन्य व्यक्ति का ध्यान गया। उसे बेहोशी की हालत में आशुतोष बोथरिया नामक व्यक्ति ने देखा। उसके बाद उसे मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस बारे में मेडिकल अस्पताल के पुलिस बूथ से हवलदार मनोहर ने सक्करदरा पुलिस को सूचना दी। उसके बाद सक्करदरा थाने के उपनिरीक्षक डी. महाडिक सहयोगियों के साथ बड़ा ताजबाग स्थित उर्स मैदान पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उसे मेडिकल अस्पताल पहुंचाने वाले आशुतोष बोथरिया से पुलिस ने पूछताछ करने के बाद आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है। सक्करदरा पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

करंट लगने से किशोर की मौत
खेत में लकड़ियां तोड़ने के बाद शौचालय के लिए जाते समय  बिजली का तार स्पर्श होने से किशोर की मौत हो गई। मृतक का नाम पंकज चौधरी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पंकज तुकाराम चौधरी कवडस निवासी नामक किशोर खेत में पेड़ से लकड़ियां तोड़ने शनिवार को गया था। वह किसान ज्ञानेश्वर लांडे के खेत में लकड़ियां तोड़ने के बाद शौचालय जा रहा था। इस दौरान बिजली का करंट लगने से उसकी मौत हो गई। किसान ज्ञानेश्वर लांडे को पंकज खेत के किनारे बेहोश दिखाई दिया। तब उसने हिंगना पुलिस को सूचना दी। हिंगना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

एसएनडीएल का लेना-देना नहीं 

दीपांशु खिरवडकर, पीआरओ, एसएनडीएल के मुताबिक यह घटना बडा ताजाबाद उर्स मैदान के अंदर हुई है। यह वहां पर झूला लगाने वालों की अंदरुनी व्यवस्था का मामला है। जिस युवक की करंट लगने से मौत हो गई, उससे एसएनडीएल का संबंध नहीं है। यह परिसर में व्यवस्था करने वालों की जिम्मेदारी है। 

किशोर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

नंदनवन थानांतर्गत एक किशोर ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक का नाम मनीष गणेश वर्मा है। उसने आत्महत्या क्यों की? कारण अज्ञात है। पता चला है कि मनीष के पिता मिस्त्री का काम करते हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार गंगानगर बिडगांव तरोडी निवासी मनीष वर्मा ने गत दिनों घर में सीलिंग पंखे को साड़ी बांधकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर नंदनवन पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया। पुलिस ने फिलहाल आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

Similar News