2 वकीलों सहित 7 लोगों के खिलाफ दर्ज मामला, महिला वकील ने लगाया अश्लील वीडियो बना ब्लैकमेल का आरोप

2 वकीलों सहित 7 लोगों के खिलाफ दर्ज मामला, महिला वकील ने लगाया अश्लील वीडियो बना ब्लैकमेल का आरोप

Tejinder Singh
Update: 2021-07-26 14:46 GMT
2 वकीलों सहित 7 लोगों के खिलाफ दर्ज मामला, महिला वकील ने लगाया अश्लील वीडियो बना ब्लैकमेल का आरोप

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महिला वकील ने दो वकीलों समेत सात लोगों के खिलाफ बलात्कार, छेड़छाड़ और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई है। 35 वर्षीय महिला वकील का दावा है कि आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे 50 लाख रुपए की मांग की थी। आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल है। मरीनड्राइव पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मामले में शिकायतकर्ता महिला वकील ने घनश्याम उपाध्याय, सुभाष झा नाम के वकीलों के साथ मनजीत सिंह, पूजा, ज्योति, संदीप और उमेश नाम के आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक मामले में मुख्य आरोपी उपाध्याय ने महिला को अपनी लीगल फर्म में डेढ़ लाख रूपए प्रति महीने के वेतन पर नौकरी पर रखने का वादा किया था। महिला के मुताबिक अच्छा वेतन देने का वादा कर आरोपी ने ऑफिस में ही उसके साथ दुष्कर्म किया।

महिला के मुताबिक मुख्य आरोपी ने उसे काम के लिए कंपनी का लेटरहेड देने और अपाइंटमेंट लेटर देने का वादा किया था। महिला के मुताबिक मुख्य आरोपी के ऑफिस में काम करने वाले एक अन्य वकील सहित दूसरे आरोपियों ने भी उसके साथ अश्लील हरकत की और धमकाकर प्रताड़ित किया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर आईपीसी की धारा 376, 385, 120बी, 354 के साथ दूसरी संबंधित धाराओं के तहत बलात्कार, जबरन वसूली, आपराधिक साजिश और छेड़छाड़ के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। फिलहाल किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। 

 

Tags:    

Similar News