खनिज मंत्री ने इटवांकला में विद्युत उपकेन्द्र का किया लोकार्पण

Sanjana Namdev
Update: 2023-05-27 06:27 GMT

डिजिटल डेस्क, पन्ना। खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को पन्ना जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम इटवांकला में 2 करोड 51 लाख रूपए लागत राशि से नवनिर्मित विद्युत उपकेन्द्र का लोकार्पण किया। साथ ही देवी मढिया के पास विधायक निधि से 4 लाख रूपए राशि से बनने वाले शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया। इस मौके पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष संतोष सिंह यादव, सरपंच श्रीमती रेखा वाल्मीकी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, बिजली कंपनी के अधीक्षण यंत्री शरद श्रीवास्तव एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा बडी संख्या में ग्रामवासी मौजूद थे। लोकार्पण कार्यक्रम में मंत्री श्री सिंह ने कहा कि इटवाकलां विद्युत उपकेन्द्र बन जाने से इस क्षेत्र के ग्रामों में बिजली की समस्याओं से छुटकारा मिलेगा और लो वोल्टेज की समस्या भी हल होगी।

लगभग 3 हजार घरेलू उपभोक्ताओं और 1 हजार से अधिक कृषि उपभोक्ताओं को इससे सीधे तौर पर लाभ मिलेगा। इसके अलावा स्थानीयजन की मांग पर वीरा और पहाडीखेरा में भी विद्युत उपकेन्द्र स्वीकृत करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि गत दिनों जैतूपुर में 220 केव्हीए के विद्युत पावर सब स्टेशन का भूमिपूजन भी किया गया है। इसके निर्माण से बिजली की सुलभ उपलब्धता सुनिश्चित होगी। उपस्थिजनों को शासकीय योजनाओं और क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों की जानकारी से भी अवगत करवाया गया। टाइगर रिजर्व के अतिरिक्त गेट शुरू करने की मंजूरी संबंधी जानकारी दी। उन्होंने बिजली कंपनी के कर्मचारियों को विद्युत सुरक्षा किट का वितरण भी किया। खनिज मंत्री द्वारा ग्राम बांधीकला में सामुदायिक भवन का भूूमिपूजन भी किया गया।

Tags:    

Similar News