- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- गोवर्धन पर्वत उठाकर श्री कृष्ण ने...
Panna News: गोवर्धन पर्वत उठाकर श्री कृष्ण ने की गोकुलवासियों की रक्षा

- स्थानीय भगवान श्री जुगल किशोर जी मंदिर में चल रही भागवत
- गोवर्धन पर्वत उठाकर श्री कृष्ण ने की गोकुलवासियों की रक्षा
Panna News: स्थानीय भगवान श्री जुगल किशोर जी मंदिर में चल रही संगीतमय भागवत कथा के पांचवें दिन बाल व्यास पार्थ वीर शुक्ला ने भगवान श्री कृष्ण की बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया। 14 वर्षीय कथावाचक ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करते हुए कहा कि मनुष्य को भगवान, गुरु और गौमाता की सेवा निस्वार्थ भाव से करनी चाहिए। निष्काम सेवा करने वाले व्यक्ति को कभी कोई कष्ट नहीं होता और भगवान हर मुश्किल में उसका साथ देते हैं। इसी प्रकारए गुरु हमेशा अपने सच्चे शिष्य को सही मार्ग दिखाता है और गौ माता की सेवा प्राणी को अच्छे कर्म करने के लिए प्रेरित करती है।
इससे पूर्व बाल व्यास श्री शुक्ल ने कालिया नाग के मर्दन सहित भगवान कृष्ण की अनेक लीलाओं का मार्मिक चित्रण किया। उन्होंने इंद्र के अहंकार की कथा सुनाते हुए कहा कि जब इंद्र को यह अभिमान हो गया कि गोकुलवासी उनकी पूजा छोडक़र कृष्ण की आराधना करने लगे हैं तो उन्होंने भारी वर्षा करके गोकुल में प्रकोप मचा दिया। लगातार एक सप्ताह तक हुई मूसलाधार बारिश से गोकुल के लोग परेशान हो उठे। अपने भक्तों की रक्षा करने के लिए भगवान श्री कृष्ण ने सात कोष में फैले हुए विशाल गोवर्धन पर्वत को अपनी एक उंगली पर उठा लिया जिसके कारण इसे गिरिराज पर्वत के नाम से भी जाना जाता है। बाल व्यास पार्थ वीर शुक्ला के मुखारविंद से भागवत कथा सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो रहे हैं और उनकी कथा वाचन शैली की सराहना कर रहे हैं। यह संगीतमय भागवत कथा विगत 2 मई से जारी है।
Created On :   8 May 2025 6:02 PM IST