दिल्ली शराब घोटाला मामला: ईडी के लॉकअप में बंद रहेंगे केजरीवाल , आज कोर्ट में पेश होंगे मुख्यमंत्री

  • शराब घोटाला मामले में दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल हुए गिरफ्तार
  • 2 घंटे पूछताछ के बाद ईडी की टीम ने किया गिरफ्तार
  • आज कोर्ट में होगी सुनवाई

Surbhit Singh
Update: 2024-03-21 15:41 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप नेता अरविंद केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने गुरुवार रात को कथित शराब घोटाले केस में गिरफ्तार कर लिया है। बता दें, दिल्ली हाई कोर्ट में गुरुवार को मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की गिरफ्तारी से बचने की याचिक को कोर्ट ने खारिज कर दिया था। शीर्ष अदालत का फैसला आने के बाद ईडी की टीम देर शाम को सीएम अरविंद केजरीवाल के आवास पर 10वां समन लेकर पहुंची थी। इस दौरान ईडी के शीर्ष अधिकारी और संयुक्त निदेशक कपिल राज भी मौजूद थे। इसके बाद ईडी ने सीएम केजरीवाल से करीब दो घंटे पूछताछ करने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया। लोकसभा चुनाव से पहले उनकी गिरफ्तारी से राजनीतिक गलियारों में भूचाल आ गया। दिल्ली के शराब नीति मामले में सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर देशभर के कई नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी। एक तरफ जहां कई विपक्षी दलों ने दिल्ली के मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी को केंद्र की भाजपा सरकार की साजिश बताई। तो वहीं, सत्ताधारी पार्टी भाजपा ने इसे दिल्ली सरकार की नीतियों के खिलाफ जीत की बात कही है। इस बीच ईडी के अधिकारी उन्हें प्रवर्तन निदेशालय के दफ्तर ले गए। यहां उनका मेडिकल टेस्ट करने के लिए डॉक्टर्स की टीम भी पहुंची थी। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में दिन से रात तक चले सियासी हाई वोल्टेज ड्रामा के बाद आज यानी शुक्रवार को ईडी की टीम दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट में पेश करेगी। 

Live Updates
2024-03-21 19:24 GMT

दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर भजापा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, " देश स्तब्ध है कि अदालत में मामला विचाराधीन होने के बावजूद आनन-फानन में। दिल्ली के चुने हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया। आज देश में इस बात का ऐलान हुआ है कि अगर भाजपा और उसकी सरकार के ख़िलाफ़ कोई बोलने की जुर्रत करेगा तो उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आज भाजपा ने करोड़ों लोगों का अपमान किया है। यह दिल्ली के दो करोड़ लोगों की गिरफ्तारी है। देश के संविधान से मोहब्बत करने वालों को गिरफ्तार किया गया है।"

2024-03-21 19:20 GMT

दिल्ली में गुरुवार को दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर भाजपा नेता शाजिया इल्मी ने कहा, "कौन सोच सकता है कि वो व्यक्ति जिसने अन्ना हजारे आंदोलन में इतनी बड़ी भूमिका निभाई। वो आज तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद शराब घोटाले के लिए इतने संगीन आरोपों के लिए पकड़े जाएंगे।"

2024-03-21 19:16 GMT

दिल्ली में सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने एक्स पर एक ट्वीट में लिखा, ''अरविंद केजरीवाल को ED ने गिरफ्तार किया, लोकतंत्र की जननी ने दिखाया है कि ED उनका सबसे आज्ञाकारी "बेटा" है! 

2024-03-21 19:04 GMT

दिल्ली के सीएम की गिरफ्तारी पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने बयान दिया है। उन्होंने कहा, "अरविंद केजरीवाल के मामले में अंतत: वही हुआ जो अपराध और भ्रष्टाचार के मामले में होता हैे। भ्रम का जाल फैलाकर सत्ता हथियाई और सत्ता हथियाने के बाद दिल्ली को लूटा, उस अरविंद केजरीवाल को दिल्ली के लोगों की हाय भी लगी है। लोग तालियां बजाकर स्वागत कर रहे हैं। जो जनता का खजाना लूटेगा उसका ऐसा ही हश्र होना चाहिए। "

2024-03-21 19:00 GMT

दिल्ली के ईडी कार्यालय में सीएम अरविंद केजरीवाल का मेडिकल टेस्ट करने के लिए डॉक्टरों की टीम पहुंच गई है।  

2024-03-21 18:57 GMT

शराब घोटाले मामले में दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर मंत्री गोपाल राय का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, "यह लोकतंत्र की हत्या है... देश की जनता और दिल्ली के लोग इस लड़ाई को लड़ेंगे। हमने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुलाई है, जिसके बाद हम आगे का कदम तय करेंगे।"

2024-03-21 18:55 GMT

आप पार्टी के नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने सीएम की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, "हमने अपनी याचिका पहले ही कोर्ट में डाल दी है। हमारे वकील रजिस्ट्रार से मिलने गए हैं।"

2024-03-21 18:51 GMT

दिल्ली की सीएम की गिरफ्तारी पर शिवसेना (उद्धव गुट) नेता और सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने रिएक्ट किया है। उन्होंने कहा, "आज ED ने जो अरविंद केजरीवाल को हिरासत में लिया है, उससे एक बात तो स्पष्ट हो गई है कि एक लोकप्रिय और मौजूदा मुख्यमंत्री के खिलाफ जो कार्रवाई चल रही थी वो कुछ नहीं बल्कि एक राजनीतिक विशंख है। ये दिखाता है कि भाजपा खुद घबराई हुई है।"

2024-03-21 18:45 GMT

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पर ईडी ने करीब 2 घंटे तक पूछताछ की थी। इस दौरान जांच एजेंसी के अधिकारियों ने सीएम के घर छापेमारी की। जांच में ईडी के हाथ सबूत के रूप में इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मिले। 

2024-03-21 18:26 GMT

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा का रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने कहा, " उन्हें(भाजपा) लगता है कि इन कदमों से INDIA गठबंधन हिल जाएगा या डिरेल हो जाएगा तो वे गलत सोच रहे हैं। मौजूदा मुख्यमंत्री को गिरफ्तार करने की कोई आवश्यकता नहीं थी। गिरफ्तार करना आपकी नीयत दिखाता है। इन कदमों से स्पष्ट हो जाता है कि भाजपा को अपनी हार दिख रही है।"

Tags:    

Similar News