छग : मुख्यमंत्री बघेल नृत्य दलों संग जमकर थिरके

छग : मुख्यमंत्री बघेल नृत्य दलों संग जमकर थिरके

IANS News
Update: 2019-10-28 14:30 GMT
छग : मुख्यमंत्री बघेल नृत्य दलों संग जमकर थिरके

रायपुर, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। गोवर्धन तिहार और गौठान दिवस छत्तीसगढ़ में धूमधाम के साथ उत्साह पूर्वक मनाया गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के रायपुर स्थित निवास पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भी नृत्य दलों के साथ जमकर थिरके।

पारंपरिक वेषभूषा पहने मुख्यमंत्री बघेल ने धर्मपत्नी मुक्ते श्वरी बघेल के साथ गोवर्धन की पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्घि की कामना की। पूजा स्थल को ग्रामीण क्षेत्रों के घरों में गाय की सार के रूप में सजाया गया था। सार की छत को छींद की पत्तियों से ढका गया और सार को गोबर से लीप कर सुंदर रंगोली बनाई गई थी।

मुख्यमंत्री ने यहां सार में गायों को खिचड़ी खिलाई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ी संस्कृति के अनुरूप राउत और केवट समाज सहित अन्य समाजों के प्रतिनिधियों ने दिवाली और गोवर्धन पूजा की रस्म अदा की। इस मौके पर राउत नाचा दलों ने आकर्षक धुनों के साथ परंपरागत राउत नाच प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अखाड़ा दल ने अनेक हैरतअंगेज करतब दिखाए।

मुख्यमंत्री ने लोगों को दीपावली और गोवर्धन पूजा की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गोवर्धन पूजा के दिन गायों को खिचड़ी खिलाने की परंपरा के अनुरूप ही हम सभी को साल के 365 दिन गायों के लिए छाया, चारा और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। राज्य सरकार ने सुराजी गांव योजना के तहत इस साल प्रदेश में 1800 गौठान बनाए हैं। सभी के सहयोग से इस साल इससे दोगुने गौठान बनाना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के साथ ही फसलों की रक्षा हो सके।

उन्होंने कहा, पशुपालन को अर्थव्यवस्था से जोड़ने, लोगों को रोजगार दिलाने और जैविक खेती को बढ़वा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसमें सभी की सहभागिता आवश्यक है।

-- आईएएनएस

Tags:    

Similar News