दिल्ली से अगवा कमीशन एजेंट हरियाणा में मिला, 1 गिरफ्तार

दिल्ली से अगवा कमीशन एजेंट हरियाणा में मिला, 1 गिरफ्तार

IANS News
Update: 2019-10-03 13:00 GMT
दिल्ली से अगवा कमीशन एजेंट हरियाणा में मिला, 1 गिरफ्तार

नई दिल्ली, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। पुलिस ने दिल्ली से अपहृत एक कमीशन एजेंट को हरियाणा के नूंह से सकुशल बरामद कर लिया है। इस सिलसिले में एक अपहर्ता को गिरफ्तार किया गया है और आगे की जांच जारी है। अपहर्ता 10 लाख की फिरौती रकम वसूलने की जुगत में थे।

दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि अपहर्ताओं के चंगुल से छुड़ाए गए शख्स का नाम गुरदीप सिंह है। गुरदीप दिल्ली में कमीशन एजेंट का काम करते हैं। उन्हें 3 सितंबर को दिल्ली से अगवा किया गया था।

दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया, गुरदीप का अपहरण करने के आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम शमीम (24) है। उसे दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया।

आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह दुष्कर्म, लूट, जबरन वसूली और अपहरण के कई अन्य मामलों में भी लिप्त रहा है। आरोपी को पोलीटेक्निक का डिप्लोमा हासिल है।

गुरदीप का अपहरण करने के बाद गिरोह उसे हरियाणा के नूंह (मेवात) इलाके में ले गया। वहां पहले गुरदीप से 15-16 हजार रुपये छीने। उसके बाद उसे बंधक बना लिया। अपहर्ता गुरदीप के परिवार वालों से 10 लाख रुपये की फिरौती वसूलने की जुगत में थे। जब परिवार वालों को यह बात पता चली तो उन्होंने पुलिस में शिकायत की।

दिल्ली पुलिस अन्य चार फरार अपहर्ताओं की तलाश कर रही है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के कब्जे से वह मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है, जिसका इस्तेमाल फिरौती वसूलने के लिए किया जा रहा था।

 

Similar News