दिल्ली : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष लॉकडाउन उल्लंघन में गिरफ्तार-रिहा, बार्डर पर जाम लगवाने का आरोप

दिल्ली : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष लॉकडाउन उल्लंघन में गिरफ्तार-रिहा, बार्डर पर जाम लगवाने का आरोप

IANS News
Update: 2020-05-17 17:30 GMT
दिल्ली : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष लॉकडाउन उल्लंघन में गिरफ्तार-रिहा, बार्डर पर जाम लगवाने का आरोप

नई दिल्ली, 17 मई (आईएएनएस)। पुलिस ने यहां रविवार को दिल्ली राज्य कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उन्हें बाद में रिहा कर दिया गया। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी को दिल्ली-गाजियाबाद (यूपी) सीमा पर जाम लगवाकर लॉकडाउन का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

अनिल चौधरी की गिरफ्तारी की पुष्टि पूर्वी दिल्ली जिला डीसीपी जसमीत सिंह ने आईएएनएस से रविवार रात की।

डीसीपी के मुताबिक, अनिल चौधरी शनिवार को गाजीपुर थाना क्षेत्र स्थित दिल्ली-गाजियाबाद सीमा पर पहुंचे थे। पुलिस ने उन्हें वहां से जाने को कहा तो वे नहीं गये। उनकी देखा-देखी मौके पर और भी कुछ लोगों की भीड़ जमा हो गयी। जोकि लॉकडाउन का सरासर उल्लंघन था।

डीसीपी के मुताबिक, अनिल चौधरी के खिलाफ थाना गाजीपुर में आईपीसी की धारा 188 के तहत केस दर्ज किया गया था। इसी मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया। बाद में रिहा कर दिया गया।

उल्लेखनीय है कि, देश के बाहरी हिस्सों से श्रमिक स्पेशल ट्रेनों में सवार होकर आये लोगों की काफी भीड़ शनिवार को दिल्ली यूपी बार्डर (गाजीपुर फ्लाइओवर-गाजियाबाद) पर इकट्ठी हो गयी थी। बाद में देर शाम दिल्ली पुलिस और गाजियाबाद पुलिस अफसरों के बीच हुई बातचीत के बाद मसला सुलझ गया।

रविवार को भी इस बार्डर पर दिन भर भीड़ का आना-जाना लगा रहा। डीसीपी जसमीत सिंह के मुताबिक, चूंकि किसी को भी बिना जांच के बार्डर पार नहीं करना था। जांच में थोड़ा बहुत समय लग रहा था। थोड़ी बहुत भीड़ जरुर थी। मगर ऐसा नहीं कि हालात बेकाबू हो गये थे।

Tags:    

Similar News