क्या महाराष्ट्र सरकार देश के सबसे महंगे शहर में जान के प्रति इतनी लापरवाह है?...

क्या महाराष्ट्र सरकार देश के सबसे महंगे शहर में जान के प्रति इतनी लापरवाह है?...

Bhaskar Hindi
Update: 2019-03-14 18:28 GMT
क्या महाराष्ट्र सरकार देश के सबसे महंगे शहर में जान के प्रति इतनी लापरवाह है?...

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई में छत्रपति शिवाजी टर्मिनस रेलवे स्टेशन के पास एक फुटओवर ब्रिज गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई। वहीं 35 लोग घायल हो गए हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने कहा कि वह इसकी हाई लेवल जांच कराएंगे, लेकिन मुंबई में फुटओवर ब्रिज गिरने का यह पहला मामला नहीं है। गुरुवार को हुए हादसे को मिला दें तो बीते तीन साल में महाराष्ट्र में तीन फुटओवर ब्रिज गिर चुके हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या महाराष्ट्र सरकार, देश के सबसे महंगे शहर में लोगों के जान के प्रति इतनी लापरवाह है?

इससे पहले मुंबई में साल 2017 और 2018 में दो बार फुटओवर ब्रिज गिर चुके हैं। 29 सितंबर 2017 को मुंबई के एलफिंस्टन रेलवे स्टेशन पर रेल पुल गिरने का एक बड़ा मामला सामने आया था। हादसे के बाद मची भगदड़ में करीब 23 लोगों ने अपनी जान गंवा दी थी। वहीं करीब 30 लोग घायल हुए थे। यह हादसा सुबह करीब 10:30 बजे हुआ था। इसके अलावा 3 जुलाई, 2018 को मुंबई के अंधेरी में एक फुटओवर ब्रिज गिर गया था। इस हादसे में करीब 6 लोग घायल हो गए थे। इस हादसे के बाद BMC और रेलवे इस पुल को एक-दूसरे का बताकर पल्ला झाड़ने में लग गए थे।

बता दें कि मुंबई के CSMT स्टेशन के पास गुरुवार को फुटओवर ब्रिज का एक हिस्सा गिर गया। ब्रिज गिरने से तीन महिलाओं समेत 6 लोगों की मौत हो गई है। हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गया और घायल लोगों को मलबे से निकाल कर स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। घायलों में से कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। यह फुटओवर ब्रिज 40 साल पुराना है और CSMT स्टेशन से टाइम्स ऑफ इंडिया की बिल्डिंग को जोड़ता है। प्रशासन की तरफ से हेल्पलाइन नंबर 022-23694721, 022-22694727, 022-22704403, 022-61234000, 1916 जारी किए गए हैं।

Similar News