प्रियंका गांधी का पीएम से सवाल- 5 साल में आपने क्या किया?

प्रियंका गांधी का पीएम से सवाल- 5 साल में आपने क्या किया?

Bhaskar Hindi
Update: 2019-03-19 07:42 GMT
प्रियंका गांधी का पीएम से सवाल- 5 साल में आपने क्या किया?

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की गंगा बोट यात्रा का आज दूसरा दिन है। उनकी बोट यात्रा मंगलवार को मिर्जापुर में है। प्रयागराज से चली 140 किलोमीटर की यह बोट यात्रा कल वाराणसी पहुंचेगी। यात्रा के दौरान ही  प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर हमला बोला है। प्रियंका ने नाम लिए बिना पीएम मोदी से सवाल किया है कि, पांच साल से सत्ता में रहकर उन्होंने क्या किया है?

 

 

प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, उन्होंने 70 साल में क्या किया? इस तर्क की भी एक्सपायरी डेट होती है। अब उन्हें (बीजेपी) बताना चाहिए कि उन्होंने सत्ता में रहते हुए अपने पांच साल में क्या किया। प्रियंका ने मोदी सरकार को दुर्बल सरकार करार दिया है।
 

 

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा योगी आदित्यनाथ उपलब्धियों की बात करते हैं लेकिन जमीन पर कुछ नहीं दिखता है, जो 56 इंच वाले हैं वो रोजगार क्यों नहीं देते हैं।

 

 

योगी सरकार के दो साल के रिपोर्ट कार्ड को लेकर प्रियंका ने कहा, जमीन पर आकर देखें कि क्या स्थिति है। ये रिपोर्ट कार्ड, प्रचार लगता बहुत अच्छा है लेकिन जमीन पर कुछ नहीं हैं। मैं रोज लोगों से मिल रही हूं। चाहें किसान हों, नौजवान हों, शिक्षामित्र हों, स्टूडेंट हों, आंगनबाड़ी हों या आशा वर्कर, किसी को कुछ नहीं मिला, जो प्रचार करते हैं और जो होता है, उसमें बहुत फर्क है। 
 

 

गंगा यात्रा के दूसरे दिन की शुरुआत भदोही में पूजा-अर्चना के साथ की। यहां उन्होंने बुनकरों, शिक्षामित्रों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाक़ात की और उनकी समस्याओं को भी जाना।

 

प्रियंका गांधी विंध्यवासिनी मंदिर पहुंची। यहां उन्होंने पूजा-अर्चना की और मंदिर की विजिटर बुक में "जय माता दी" लिखा। प्रियंका ख्वाजा इस्माइल चिश्ती की दरगाह में भी पहुंची। यहां उन्होंने मत्था टेका और चादर भी चढ़ाई। बता दें कि इस मजार पर गांधी परिवार के सभी सदस्य आ चुके हैं। इंदिरा गांधी, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के बाद अब प्रियंका गांधी यहां आईं हैं।

 

विंध्याचल मंदिर में जब प्रियंका गांधी पहुंचीं तो वहां उनके सामने ही कुछ लोग पीएम मोदी के समर्थन में नारे लगाने लगे। उत्साहित लोगों ने हर-हर मोदी, घर-घर मोदी ने नारे लगाए। 
 

 

 

Tags:    

Similar News