India Pakistan War Ceasefire: 'पाकिस्तान देश और पंजाब का दुश्मन, वे भारत के सिखों को गुमराह नहीं कर सकते', पड़ोसी मुल्क पर भड़के दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष

- पाकिस्तान ने तीन घंटे के अंदर किया सीजफायर का उल्लंघन
- सीमा से सटे इलाकों पर गोलाबारी और ड्रोन अटैक
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान ने सीजफायर लागू होने के कुछ घंटों बाद ही इसका उल्लंघन किया। उसने भारत के सीमावर्ती राज्यों के कई इलाकों पर ड्रोन अटैक किए, जिसे भारत के एयर डिफेंस ने नाकाम कर दिया। इस बीच दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह ने कहा कि पाकिस्तान देश और पंजाब का दुश्मन है।
उन्होंने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, 'पाकिस्तान सिखों का खैरख्वाह होने का दावा करता है। देश के लोग जानते हैं कि पाकिस्तान भारत और पंजाब का दुश्मन है। पंजाब का युवा ड्रग्स के कारण खत्म हो रहा है। हम पाकिस्तान से प्यार और भाईचारे के बयानों की उम्मीद नहीं करते। अगर पाकिस्तान खुद को सिखों को रहनुमा बताता है तो बताए कि विभाजन के वक्त वहां 20 लाख सिख थे, आज पाकिस्तान में महज 8 हजार सिख हैं। ज्यादातर पर दबाव डालकर धर्म बदलवा दिया गया। वे भारत के सिखों को गुमराह नहीं कर सकते।'
उधर, पाकिस्तान द्वारा सीजफायर के उल्लंघन पर भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा, आज शाम को भारत और पाकिस्तान के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशंस (DGMO) के बीच सहमति बनी थी। इसके बाद बीते कुछ दिनों से जारी मिलिट्री एक्शन को रोक दिया गया था। लेकिन कुछ घंटों बाद ही पाकिस्तान की तरफ से समझौते का उल्लंघन किया गया। भारतीय सेना सीमा पर घुसपैठ का मजबूती से जवाब दे रही है। हम इस घुसपैठ की निंदा करते हैं। इन सबके लिए पाकिस्तान जिम्मेदार होगा। हम मानते हैं कि पाकिस्तान को इस स्थिति को ठीक तरह से समझे और इस घुसपैठ को तुरंत रोके।
Created On :   11 May 2025 5:16 AM IST