India Pakistan War Ceasefire: पाकिस्तान का एक और बड़ा झूठ, पीएम शहबाज बोले - 'भारत ने पहले हमला किया...भुगतना पड़ेगा अंजाम'

- पाकिस्तान और भारत के बीच नहीं कम हुई तनातनी
- पाकिस्तान ने किया सीजफायर का उल्लंघन
- पीएम शहबाज शरीफ ने भारत पर लगाए झूठे आरोप
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान और भारत के बीच तनातनी जारी है। इस बीच पड़ोसी मुल्क के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एक और झूठा दावा किया। उन्होंने कहा कि भारत ने पहले पाकिस्तान पर हमला किया। वह आज पाकिस्तान को जनता को संबोधित कर रहे थे।
शहबाज ने अपने संबोधन में कहा कि भारत ने हम पर हमला करके जो गलती की है उसका खामियाजा उसे जरूर भुगतना होगा। उन्होंने कहा, 'पहलगाम हमले की आड़ में पाकिस्तान पर हमला बेबुनियाद है। अमन पसंद मुल्क के तौर पर पाकिस्तान ने पहलगाम वाकये की जांच की पेशकश की थी।'
अपनी 12 मिनट की स्पीच में पाकिस्तानी पीएम ने भारत के साथ संघर्ष रुकवाने (सीजफायर) के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प का शुक्रिया अदा किया। इसके साथ ही उन्होंने भारत के खिलाफ संघर्ष में पाकिस्तान का साथ देने के लिए सऊदी अरब, तुर्किए और चीन को भी धन्यवाद दिया।
शहबाज शरीफ की स्पीच की बड़ी बातें
शहबाज शरीफ ने अपनी स्पीच में कहा, 'हम (पाकिस्तान) दुश्मन पर फिर से भारी पड़े हैं। मैं असीम मुनीर (पाकिस्तान आर्मी चीफ) समेत सभी अफसरों को सलाम पेश करता हूं। हमें आप पर नाज है। हम इस जंग को अंजाम तक पहुंचाकर दम लेंगे। पाकिस्तान की इज्जत के लिए फौज और अवाम दोनों काबिल हैं।' सेना को लेकर पाकिस्तानी पीएम ने कहा, 'हम लश्कर बनकर दुश्मन का मुकाबला करेंगे और दुश्मन को शिकस्त देंगे। हम आपके जज्बे को सलाम पेश करते हैं क्योंकि आप (सेना) सच्चाई के लिए लड़ रहे हैं।'
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत बेशक 100% एकतरफा फैसले कर ले मगर उससे हकीकत नहीं बदलेगी। दहशतगर्दी से सबसे ज्यादा परेशान मुल्क पाकिस्तान है। हमने दहशतगर्दी के खिलाफ जंग में 90 हजार लोगों को गंवाया। 152 अरब डॉलर का नुकसान बर्दाश्त किया है। उन्होंने आगे कहा, 'पहलगाम हमले की आड़ में पाकिस्तान पर हमला बेबुनियाद है। अमन पसंद मुल्क के तौर पर पाकिस्तान ने पहलगाम वाकये की जांच की पेशकश की थी। लेकिन भारत ने कानून न मानते हुए गलत रास्ता अख्तियार किया। जम्मू-कश्मीर एक मुसलमा तनाजा था, है और उस वक्त तक रहेगा, जब तक कश्मीरी भाइयों को उनका हक नहीं मिल जाता।'
सेना ने भारत को दिया जवाब
'दुश्मनों ने निहत्थे लोगों पर हमला कर खुद को ताकतवर समझा। लेकिन पाकिस्तान मुंहतोड़ जवाब देना जानता है। हम अपनी सेना की दिलेरी को सलाम करते हैं,, जिन्होंने भारत को जवाब दिया है। पाकिस्तानी वायु सेना ने अपने सरहद के भीतर रहते हुए दुश्मनों के जहाजों के परखच्चे उड़ा दिए।' पाकिस्तानी PM ने एक बार फिर बड़ा झूठ बोलते हुए कहा, 'हमारी सेना ने दुश्मन को ऐसा घाव दिया है जो कभी भर नहीं पाएगा। भारत के बुजदिलाना हमले में पाकिस्तान के 26 मासूम शहीद हुए हैं। इनमें बच्चे और औरते हैं।'
Created On :   11 May 2025 4:07 AM IST