सज गए हैं बाजार,धूमधाम से मनाएं क्रिसमस का त्यौहार
सज गए हैं बाजार,धूमधाम से मनाएं क्रिसमस का त्यौहार
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। साल 2017 अपने अंतिम पड़ाव पर है। साल का एंड हमेशा ही सभी के लिए खुशियों से भरा रहता है और हो भी क्यों ना, क्रिसमस फेस्टिवल साल के ऐंड में जो आता है। पूरा देश क्रिसमस के रंग में रंग गया है। हर तरफ इन दिनों क्रिसमस की तैयारियां जोरों पर है। बाजार सजने लगे हैं, बच्चों में क्रिसमस को लेकर क्रेज बढ़ने लगा है। खासतौर पर साउथ इंडिया में ईसा मसीह और सेंटा क्लोज के शाही स्वागत की तैयारियां पूरे हर्ष और उल्लास से चल रही हैं। इतना ही नहीं इस मौके पर घर सजाना, क्रिसमस ट्री तैयार करना, केक कटिंग और पार्टी की प्लानिंग भी शुरू हो चुकी है।
25 दिसंबर यानी क्रिसमस का फेस्टिवल हम भगवान ईसा मसीह के जन्मदिन के रूप में मनाते हैं। यह दिन दुनिया भर के अरबों लोगों के बीच एक धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव के रूप में मनाया जाता है।
तिरूअनंतपुरम में सज गए हैं बाजार
वैसे तो ईसाई धर्म को मनाने वाले लोग पूरे देश में रहते हैं लेकिन केरल में ईसाई लोग ज्यादा रहते हैं। केरल की राजधानी तिरूअनंतपुरम में क्रिसमस के लिए सारे बाजार सज गए हैं। बता दें कि अब तक बहुत बड़ी सख्यां में बाजारों से क्रिसमस-ट्री और सजावट का सामान बिक चुका है।
सैंटा के बदले हैं अंदाज
सैंटा अलग-अलग रंग और रूप के साथ बाजारों में नजर आ रहा है। यंग सैंटा के साथ-साथ स्टाइलिश सैंटा बाजारों में खास नजर आ रहे हैं। वहीं केक की बुकिंग अडवांस में लोगों ने करा ली है। चॉकलेट की भी मार्केट में भरमार है। फ्लेवर्ड और डिजाइनर चॉकलेट क्रिसमस पर खास है। यही नहीं कई गिफ्ट भी उन्हें मिल रहे हैं।
अलग-अलग तरह के क्रिसमस ट्री
इन दिनों क्रिसमस ट्री की काफी डिमांड है। लोग आर्टिफिशल क्रिसमस ट्री से लेकर असली पौधे तक खरीद रहे हैं। 1 फुट से लेकर 8 फुट लंबे क्रिसमस ट्री भी बाजार में उपलब्ध हैं। आर्टिफिशल पेड़ पर सजावट अच्छे तरीके से की जा सकती है, इसलिए इसकी डिमांड ज्यादा है। वहीं असली पौधों की कीमत भी 1 हजार रुपये तक है।
सजावट का सामान
क्रिसमस ट्री पर सजाने के लिए स्टार, चॉकलेट, बल्ब और अन्य कई छोटे-छोटे खिलौने, स्टार्स आदि सामान 10-10 रुपये में मिल रहे हैं। इसके अलावा सैंटा की ड्रेस भी लोगों को खासा आकर्षित कर रही है। क्रिसमस स्पेशल गिफ्ट्स के तौर पर स्टफ खिलौने, क्रिस्टल आइटम्स, फोटोफ्रेम और कार्ड के अलावा सैकड़ों आइटम्स बाजार में उपलब्ध हैं।