प्रियंका गांधी ने झोंकी ताकत, बिजनौर, फतेहपुर और सहारनपुर में रोड शो

प्रियंका गांधी ने झोंकी ताकत, बिजनौर, फतेहपुर और सहारनपुर में रोड शो

Bhaskar Hindi
Update: 2019-04-09 05:17 GMT
प्रियंका गांधी ने झोंकी ताकत, बिजनौर, फतेहपुर और सहारनपुर में रोड शो
हाईलाइट
  • कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए मांगेंगी वोट
  • सहारनपुर-बिजनौर में प्रियंका गांधी का रोड शो

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। लोकसभा चुनाव 2019 के पहले चरण के लिए आज प्रचार का अंतिम दिन है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रोड शो कर रही हैं। मतदान से पहले चुनावी शोर थमने वाला है, ऐसे में प्रियंका गांधी रोड शो कर रही हैं। फतेहपुर में प्रियंका के रोड शो बड़ी संख्या में लोगों का हुजूम उमड़ा।

 

 

 

 

इससे पहले, बिजनौर में जब प्रियंका गांधी रोड शो कर रही थीं तब वहां पर कुछ बीजेपी के कार्यकर्ता आ गए। तभी प्रियंका ने उनकी ओर इशारा किया और मुस्कुराते हुए उनपर फूल-कांग्रेस का झंडा फेंक दिया। जिसके बाद वहां मौजूद बीजेपी और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। कांग्रेस कार्यकर्ता चौकीदार चोर है के नारे लगा रहे थे, तो वहीं बीजेपी कार्यकर्ताओं ने मोदी-मोदी के नारे लगाने शुरू कर दिया।

बता दें कि लोकसभा चुनाव 2019 के पहले चरण का मतदान 11 अप्रैल का होना है। पहले चरण के लिए प्रचार का आज (मंगलवार) अंतिम दिन है। प्रियंका कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद और नसीमुद्दीन सिद्दीकी के लिए वोट मांगेंगी। प्रियंका ने बिजनौर के बाद करीब दोपहर 2 बजे सहारनपुर में अपना दूसरा रोड किया।

कल खराब मौसम के कारण सहारनपुर के साथ ही बिजनौर व शामली में उनकी व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की चुनावी सभा के साथ रोड शो रद्द कर दिया गया था। सपा-बसपा के गठबंधन के बाद पश्चिम यूपी में मुकाबला त्रिकोणीय होता नजर आ रहा है। भाजपा, सपा-बसपा गठबंधन और कांग्रेस पार्टी मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने में लगे हैं। बता दें कि रविवार को पश्चिमी यूपी में मायावती-अखिलेश ने साझा रैली करते हुए कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला था। मायावती ने खुलेआम सहारनपुर के मुस्लिमों से वोट न बांटने की अपील करते हुए कांग्रेस को खुली चुनौती दी। ऐसे में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सहारनपुर की धरती पर किस अंदाज में मायावती के मुस्लिम कार्ड का जवाब देंगी, ये देखना भी दिलचस्प होगा।

गौरतलब है कि पश्चिम यूपी की जिन आठ सीटों पर पहले चरण के तहत 11 अप्रैल को मतदान हो रहा है, उनमें कांग्रेस को सहारनपुर में अपनी स्थिति सबसे मजबूत नजर आ रही है। इसकी वजह 2014 के चुनाव नतीजे हैं, जब मोदी लहर के बावजूद कांग्रेस के प्रत्याशी इमरान मसूद बीजेपी के विजयी प्रत्याशी राघव लखनपाल से महज 65 हजार वोट पीछे रह गए थे। दरअसल, सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र में करीब 38 फीसदी मुस्लिम हैं, जिन पर कांग्रेस की एक बार फिर नजर है और बीएसपी को मुस्लिम वोट बैंक के बंटने का खतरा सता रहा है, क्योंकि हाजी फजलुर्रहमान के रूप में गठबंधन ने भी मुस्लिम प्रत्याशी को मैदान में उतारा है। 

Tags:    

Similar News