मणिपुर में शीर्ष पुलिस अधिकारी ने खुद को गोली मारी, हालत गंभीर

मणिपुर में शीर्ष पुलिस अधिकारी ने खुद को गोली मारी, हालत गंभीर

IANS News
Update: 2020-07-18 12:30 GMT
मणिपुर में शीर्ष पुलिस अधिकारी ने खुद को गोली मारी, हालत गंभीर
हाईलाइट
  • मणिपुर में शीर्ष पुलिस अधिकारी ने खुद को गोली मारी
  • हालत गंभीर

इम्फाल, 18 जुलाई (आईएएनएस)। मणिपुर के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) अरविंद कुमार ने शनिवार को अपने आधिकारिक चैम्बर में खुद को गोली मार ली। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 1992 बैच के बिहार कैडर के आईपीएस अधिकारी अरविंद कुमार ने शनिवार दोपहर पुलिस मुख्यालय के पास दूसरे मणिपुर राइफल्स कॉम्प्लेक्स में अपने आधिकारिक चैम्बर में अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली।

एक पुलिस अधिकारी ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर आईएएनएस को बताया, अरविंद कुमार को फौरन इम्फाल के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया और फिर आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। उनकी हालत गंभीर बताई गई है।

पुलिस अधिकारी ने कहा, यह अभी तक ज्ञात नहीं है कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने खुद को क्यों गोली मार ली।

मणिपुर के पुलिस महानिदेशक एल.एम. खौटे और मुख्य सचिव जे. सुरेश बेबी सहित शीर्ष पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे।

मुख्य सचिव ने कहा कि कुमार की हालत बहुत गंभीर है।

मुख्य सचिव ने मीडिया को बताया कि घटना के बारे में जांच का आदेश दे दिया गया है और कुमार की हालत में सुधार होते ही उन्हें दिल्ली भेजा जाएगा।

आईपीएस अधिकारी अरविंद कुमार इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) में दिल्ली में उप निदेशक के पद पर तैनात थे। उन्होंने बिहार में अपने गृह कैडर को वापस करने के लिए सरकार को आवेदन दिया था।

Tags:    

Similar News