Bhaskar Hindi
Update: 2018-05-14 16:41 GMT
हाईलाइट
  • इसके साथ ही स्मृति इरानी से सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय छीन लिया गया है।
  • मंत्री पीयूष गोयल को अब रेल मंत्रालय के साथ साथ वित्त मंत्रालय की अस्थाई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
  • मोदी कैबिनेट में सोमवार को बड़ा फेरबदल किया गया है।
  • राज्यवर्धन सिंह राठौर को अब सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया है।
  • वित्त मंत्री अरुण जेटली के खराब तबीयत को देखते हुए ये फैसला लिया गया है।
  • स्मृत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मोदी कैबिनेट में सोमवार को बड़ा फेरबदल किया गया है। मंत्री पीयूष गोयल को अब रेल मंत्रालय के साथ साथ वित्त मंत्रालय की अस्थाई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वित्त मंत्री अरुण जेटली के खराब तबीयत को देखते हुए ये फैसला लिया गया है। जेटली का सोमवार को ही किडनी ट्रांसप्लांट का ऑपरेशन हुआ है। उनके स्वस्थ होने तक पीयूष गोयल ही वित्त मंत्रालय सम्भालेंगे। इसके साथ ही स्मृति इरानी से सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय छीन लिया गया है। राज्यवर्धन सिंह राठौर को अब सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया है। स्मृति ईरानी के पास अब केवल कपड़ा मंत्रालय की जिम्मेदारी रहेगी। स्मृति के अलावा केंद्रीय मंत्री एसएस अहलूवालिया को पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय से मुक्त कर इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है।

 

दूसरी बार स्मृति के मंत्रालय में बदलाव
यह दूसरी बार है जब स्मृति ईरानी की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इससे पहले उनसे मानव विकास मंत्रालय छीना गया था। पिछले साल जुलाई में उपराष्‍ट्रपति पद के लिए चुने जाने के बाद वेंकैया नायडू ने मंत्रीपद से इस्‍तीफा दे दिया था, जिसके बाद से स्‍मृति ईरानी सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का अतिरिक्‍त प्रभार संभाल रही थीं। स्मृति ईरानी से सूचना प्रसारण मंत्रालय का कार्यभार वापस लेकर राज्यवर्धन सिंह राठौर को इसका जिम्मा सौंप दिया गया है। इससे पहले राज्यवर्धन सिंह राठौर के पास राज्य मंत्री का ही दर्जा था। वहीं केंद्रीय मंत्री अल्फोंस कनन्नथानम को इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्रालय से हटा दिया गया है। अब अहलूवालिया इलेक्ट्रॉनिक्स राज्य मंत्री होंगे।

अरुण जेटली का किडनी ट्रांसप्लांट
बता दें कि सोमवार को दिल्ली के ऑल इंडिया इंस्‍टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (AIIMS) में जेटली की किडनी ट्रांसप्‍लांट सर्जरी हुई। एम्‍स की तरफ से आए आधिकारिक बयान में बताया गया कि अरुण जेटली की सर्जरी पूरी तरह सफल रही है। वहीं सर्जरी के लिए अंगदान करने वाला शख्‍स और अरुण जेटली दोनों ही स्‍वस्‍थ हैं। अरुण जेटली को किडनी संक्रमण की समस्‍या थी। इसकी जानकारी उन्‍होंने ट्वीट के जरिए भी दी थी। बीमारी के चलते अरुण जेटली ने भारत और ब्रिटेन वित्‍तीय और आर्थिक वार्ता यात्रा भी रद्द कर दी थी। जेटली का एम्‍स में सोमवार सुबह 8 बजे से किडनी ट्रांसप्‍लांट होना शुरू हुआ था। जेटली शनिवार से अस्‍पताल में भर्ती थे। हालांकि इससे पहले 7 अप्रैल को जेटली का किडनी ट्रांसप्लांट होने वाला था, लेकिन नहीं हो पाया था। 

Similar News