अहमदाबाद में दलित लड़की से छेड़खानी को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प

अहमदाबाद में दलित लड़की से छेड़खानी को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प

Bhaskar Hindi
Update: 2018-04-17 06:30 GMT
अहमदाबाद में दलित लड़की से छेड़खानी को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अहमदाबाद में एक दलित लड़की से कुछ लड़कों ने छेड़खानी कर दी। जिसके बाद दो गुटों में जमकर हिंसक झड़प हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस को हालात पर काबू पाने के लिए कर्फ्यू लगाना पड़ा। लड़की से छेड़खानी का आरोप हॉस्टल में रहने वाले लड़कों पर लगा है। घटना को लेकर दोनों गुटों में विवाद इतना बढ़ा कि देखते ही देखते पत्थरबाजी, लाठी-डंडे से मारपीट के बाद बात आगजनी तक पहुंच गई। उपद्रवियों को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और फिर कर्फ्यू लगाना पड़ा। 

 

जमकर हुई पत्थरबाजी

बता दें कि मामला आम्बावाड़ी इलाके का है। दलित समुदाय की एक लड़की से छेड़खानी की गई और इसका आरोप दरबार समुदाय के हॉस्टल में रहने वाले लड़कों पर लगा। जिसके बाद हॉस्टल के लड़कों ने दूसरे गुट पर जमकर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इसके जवाब में दूसरे गुट से भी पत्थरबाजी हुई और ये सब पुलिस की मौजूदगी में होता रहा। देखते ही देखते हॉस्टल के बाहर खड़ी तीन बाइक्स में आग लगा दी गई। आग की खबर पाकर मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची लेकिन उपद्रवियों ने फायर ब्रिगेड की टीम पर भी पत्थरबाजी शुरू कर दी। जिसके बाद किसी तरह से आग पर काबू पाया गया। 

 

पुलिस ने किया लाठी चार्ज

आखिरकार उपद्रवियों पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा। इतना ही नहीं भीड़ पर आंसू गैस के गोले भी दागे गए। इस हंगामे और पत्थरबाजी में तीन लोग घायल हुए हैं। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। फिलहाल हालात काबू में है और पूरे इलाके में पुलिस को तैनात कर दिया गया है। इसके साथ ही उपद्रव करने वालों को फौरन गिरफ्तार करने का आदेश दिया गया है। बता दें कि इस विवाद में युवकों ने 15 वाहनों को भी आग के हवाले कर डाला। 

Similar News