PM मोदी पर यशवंत सिन्हा का पलटवार, अर्थव्यवस्था का चीरहरण बर्दाश्त नहीं 

PM मोदी पर यशवंत सिन्हा का पलटवार, अर्थव्यवस्था का चीरहरण बर्दाश्त नहीं 

Bhaskar Hindi
Update: 2017-10-05 13:34 GMT
PM मोदी पर यशवंत सिन्हा का पलटवार, अर्थव्यवस्था का चीरहरण बर्दाश्त नहीं 

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बुधवार को की गई टिप्पणी पर जवाब दिया है। सिन्हा ने कहा है कि मैं शल्य नहीं, भीष्म हूं और मेरे रहते हुए किसी भी कीमत पर अर्थव्यवस्था का चीरहरण नहीं किया जा सकता। बता दें कि पीएम मोदी ने यशवंत सिन्हा और अरुण शौरी द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए महाभारत के शल्य का उदाहरण दिया था। बता दें कि पीएम ने अर्थव्यवस्था पर सवाल उठाने वालों को निराशावादी बताते हुए उनकी तुलना शल्य से की थी।

यह नहीं सोचा था कि प्रधानमंत्री खुद जवाब देने आएंगे 
यशवंत सिन्हा ने जवाब देते हुए कहा, "महाभारत में कई तरह के चरित्र हैं, जिसमें से शल्य भी एक हैं। वैसे तो शल्य नकुल और सहदेव के मामा थे, लेकिन कौरवों कि ठगी के चलते उन्हें पांडवों का साथ छोड़ना पड़ा था। उसी तरह भीष्म पितामह को भी द्रौपदी के चीरहरण के समय मौन रहने पर आरोपित किया जाता है। मगर यदि इसी प्रकार अर्थव्यवस्था का चीरहरण होता रहा तो मैं शांत नहीं बैठूंगा।" यशवंत सिन्हा ने कहा,  "मुझे पता नहीं था कि मेरी बात का जवाब देने के लिए प्रधानमंत्री खुद सामने आ जाएंगे।"

आंकड़े नहीं जमीनी हकीकत देखिये
बता दें कि प्रधानमंत्री ने कहा था कि यूपीए के कार्यकाल में जीडीपी लगातार आठ तिमाही तक नीचे रह चुकी है। जिस पर यशवंत सिन्हा ने जवाब देते हुए कहा, "पिछली लगभग छह तिमाही से जीडीपी दर नीचे गिर रही है, यह बात सिर्फ एक तिमाही भर की नहीं है।" सिन्हा ने कहा "आंकड़ों का खेल खतरनाक होता है। एक आंकड़ें से आप कुछ साबित करेंगे उसी आंकड़े से मैं दूसरी बात साबित कर दूंगा। इसलिए आंकड़े नहीं जमीनी हकीकत देखिए।"

पहले भी कर चुके हैं आलोचना
सिन्हा ने कहा मैं सरकार को कोई  जवाब नहीं दे सकता क्योंकि मैं उसके काबिल नहीं हूं। यदि मैं पूर्व वित्तमंत्री नहीं रहा होता तो सलाह देने में मेरा उत्साह होता। मेरे किये गए कार्यों का अध्ययन कर के बहुत सारे प्रशनों के उत्तर हासिल किए जा सकते हैं। मैंने कर के दिखाया है। बता दें कि अटल सरकार में वित्त मंत्री रह चुके यशवंत सिन्हा पहले भी नोटबंदी और जीएसटी के मुद्दे पर मोदी सरकार की आलोचना कर चुके हैं। जिस पर पीएम मोदी ने बुधवार को आंकड़ों के साथ जवाब दिया था।

Similar News