दमदार स्कूटर: Aprilia SXR GT 125 और 175 में मिलता है मैक्सी-स्कूटर जैसा लुक, 14-इंच के बड़े पहिए और पावरफुल इंजन के साथ फीचर्स भी हैं खास

Aprilia SXR GT 125 और 175 में मिलता है मैक्सी-स्कूटर जैसा लुक, 14-इंच के बड़े पहिए और पावरफुल इंजन के साथ फीचर्स भी हैं खास
नई रेंज में पुराने SXR मॉडल के मुकाबले बड़े 14-इंच के पहिए, अपडेटेड इंजन, नया इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और ज्यादा एडवांस फीचर्स दिए गए हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रोजमर्रा के आवागमन की जरुरत पूरी करने वाला स्कूटर अब कई एडवांस फीचर्स से लोड हो गया है। वहीं युवाओं को भी बड़े और आकर्षक पहिए, स्पोर्टी मैक्सी-स्कूटर डिजाइन, दमदार इंजन, डिजिटल डिस्प्ले, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी और नेविगेशन जैसे फीचर्स काफी पसंद आ रहे हैं। बाजार में कई कंपनियों ने अपने स्कूटरों को नए अंदाज में पेश किया है। वहीं हाल ही में इटली की प्रीमियम टू-व्हीलर कंपनी Aprilia ने भी युवाओं की इसी जरूरत को ध्यान में भारतीय बाजार में Aprilia SXR GT 125 और 175 को बिक्री के लिए उतारा है।

नई रेंज में पुराने SXR मॉडल के मुकाबले बड़े 14-इंच के पहिए, अपडेटेड इंजन, नया इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और ज्यादा एडवांस फीचर्स दिए गए हैं। खास बात यह है कि ज्यादा पावरफुल SXR GT 175 में TFT स्क्रीन, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी और नेविगेशन जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं। आइए जानते हैं इनकी कीमत और अन्य खूबियां...

Aprilia SXR GT 125 और SXR GT 175 की कीमत और कलर ऑप्शन

Aprilia SXR GT 125 की एक्स-शोरूम कीमत 1.11 लाख रुपए रखी गई है, जबकि ज्यादा पावरफुल SXR GT 175 की कीमत 1.31 लाख रुपए एक्स-शोरूम है। दोनों स्कूटरों की बुकिंग पूरे भारत में शुरू हो चुकी है। नई SXR GT रेंज को कंपनी ने पुराने SXR 125 और SXR 160 के बंद होने के बाद भारतीय बाजार में दोबारा पेश किया है।

SXR GT 125 को मैट ब्लैक, ग्लॉसी अजूरो और ग्लॉसी व्हाइट रंगों में खरीदा जा सकता है। वहीं SXR GT 175 के लिए मेटैलिक ब्लू, मैट ब्लैक और मैट ग्रीन रंग दिए गए हैं। 175cc मॉडल में नए ग्राफिक्स और फुटबोर्ड पर भी अलग डिजाइन देखने को मिलता है।

Aprilia SXR GT 125 और SXR GT 175 की खूबियां

नई SXR GT का डिजाइन पहले वाली SXR रेंज से जुड़ा हुआ दिखाई देता है, लेकिन कंपनी ने इसमें कई बदलाव किए हैं। स्कूटर में बड़ा फ्रंट एप्रन, चौड़ी बॉडी, आरामदायक सीट और मैक्सी-स्कूटर जैसा डिजाइन मिलता है। सामने Aprilia की पहचान वाला ट्राइपॉड LED हेडलैंप सेटअप दिया गया है, जिससे इसका लुक काफी प्रीमियम और अलग नजर आता है। नई रेंज की सबसे बड़ी खासियत इसके 14-इंच के पहिए हैं। पुराने SXR मॉडल में 12-इंच के पहिए दिए जाते थे, जबकि नई SXR GT में दोनों तरफ 14-इंच के पहिए लगाए गए हैं।

फीचर्स की बात करें तो SXR GT 175 में 5-इंच का TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है। इसमें ब्लूटूथ कनेक्टिविटी के जरिए कॉल और म्यूजिक कंट्रोल के साथ टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन की सुविधा दी गई है। वहीं SXR GT 125 में 5-इंच का LCD इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है।

ब्रेकिंग के मामले में SXR GT 175 में फ्रंट डिस्क ब्रेक के साथ सिंगल-चैनल ABS दिया गया है। इसके अलावा इसमें नया एग्जॉस्ट एंड पाइप और हीट शील्ड भी मिलता है। जबकि, SXR GT 125 में 220mm का फ्रंट डिस्क और 140mm का रियर ड्रम ब्रेक दिया गया है। इस मॉडल में ABS की जगह CBS यानी Combined Braking System मिलता है।

इंजन और पावर

SXR GT 125 में 124.5cc का सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है। यह इंजन 10.6hp की पावर और 10.4Nm का टॉर्क जनरेट करता है। दूसरी तरफ SXR GT 175 में 174.7cc का एयर-कूल्ड सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता है। यह इंजन 13.3hp की पावर और 14.1Nm का टॉर्क जनरेट करता है। दोनों इंजन BS6 OBD-II Stage B मानकों के अनुरूप हैं और E20 पेट्रोल के साथ चल सकते हैं।

Created On :   5 Oct 2026 6:05 PM IST

Tags

Next Story