होंडा आगामी ईवी: Honda 0 Alpha इलेक्ट्रिक SUV भारत में जल्द होगी लॉन्च, टेस्टिंग के दौरान फिर हुई स्पॉट

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जापानी कंपनी Honda भारतीय बाजार में अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV लाने की तैयारी में है। कंपनी की आने वाली Honda 0 Alpha को भारत में लगातार टेस्ट किया जा रहा है और हाल ही में इसे खराब सड़कों पर भी टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। Honda ने पहले ही पुष्टि कर दी है कि इस SUV का प्रोडक्शन मॉडल 2027 से ग्लोबल बाजारों में बिक्री के लिए आएगा और भारत इसका प्रमुख बाजार होगा।
Honda 0 Alpha को सबसे पहले अक्टूबर 2025 में जापान मोबिलिटी शो में प्रोटोटाइप के रूप में पेश किया गया था। Honda के मुताबिक यह 0 Series की ऐसी SUV है जिसे कंपनी की नई “Thin, Light and Wise” सोच के आधार पर तैयार किया जा रहा है।
यह भी पढ़े -Aprilia SXR GT 125 और 175 में मिलता है मैक्सी-स्कूटर जैसा लुक, 14-इंच के बड़े पहिए और पावरफुल इंजन के साथ फीचर्स भी हैं खास
भारत में हो रही है टेस्टिंग
हालिया रिपोर्ट के अनुसार अक्टूबर में 0 Alpha को भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग करते हुए देखा गया है। हालांकि अभी कार के अंतिम डिजाइन और तकनीकी स्पेसिफिकेशन की पूरी जानकारी Honda ने सार्वजनिक नहीं की है। बता दें कि, Honda Cars India ने मार्च 2026 में 0 Alpha की भारत में पब्लिक रोड टेस्टिंग शुरू की थी। कंपनी इस इलेक्ट्रिक SUV को देश के अलग-अलग हिस्सों में शहरों, हाईवे और खराब सड़कों पर चला रही है। गर्म मौसम, मानसून, ड्राइविंग कंफर्ट, परफॉर्मेंस और चार्जिंग सिस्टम की भी जांच की जा रही है, ताकि भारत की परिस्थितियों के हिसाब से कार को तैयार किया जा सके।
भारत में ही बनेगी Honda की नई इलेक्ट्रिक SUV
Honda 0 Alpha की खास बात यह होगी कि इसे भारत में ही बनाया जाएगा। कंपनी के राजस्थान स्थित टपुकारा प्लांट को इसके उत्पादन के लिए तैयार किया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक Honda इस EV प्रोग्राम के लिए करीब 1,200 करोड़ रुपए का निवेश करने की योजना बना चुकी है। भारत में उत्पादन होने से कंपनी को SUV की कीमत को प्रतिस्पर्धी रखने में मदद मिल सकती है। साथ ही भारत में बनी 0 Alpha को दूसरे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी निर्यात किए जाने की योजना है।
ईवी में दिखेगा होंडा का नया डिजाइन
Honda 0 Alpha का डिजाइन कंपनी की मौजूदा पेट्रोल SUV से काफी अलग दिखाई देता है। इसमें चौड़ी और सीधी बॉडी, बड़ा ग्लास एरिया, लो रूफलाइन और बॉक्सी सिल्हूट देखने को मिलता है। सामने की तरफ पतली लाइटिंग और एडवांस फ्रंट डिजाइन दिया गया है, जबकि रियर भी अलग तरह का लाइटिंग सेटअप दिखाई देता है। Honda का कहना है कि इस SUV में कम ऊंचाई वाला केबिन रखने के बावजूद ग्राउंड क्लीयरेंस से समझौता नहीं किया गया है। इसका फायदा अंदर बैठे यात्रियों को ज्यादा जगह के रूप में मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़े -BYD Denza D9 इलेक्ट्रिक MPV भारत में जल्द होगी लॉन्च, लग्जरी फीचर्स के साथ आएगी 7-सीटर कार
मिलेगा बड़ा टचस्क्रीन वाला हाई-टेक केबिन
टेस्टिंग के दौरान सामने आई तस्वीरों में 0 Alpha का केबिन भी काफी हद तक दिखाई दे चुका है। इसमें डैशबोर्ड के बीच बड़ा फ्री-स्टैंडिंग टचस्क्रीन और पूरी तरह डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले नजर आया है। इसके अलावा डैशबोर्ड का डिजाइन काफी साफ-सुथरा और हॉरिजॉन्टल रखा गया है। खास बात यह है कि Honda ने कुछ जरूरी कामों के लिए फिजिकल कंट्रोल भी बनाए रखने का संकेत दिया है। हालांकि,Honda ने अभी 0 Alpha की बैटरी क्षमता, मोटर पावर और आधिकारिक ड्राइविंग रेंज की घोषणा नहीं की है।
Created On :   5 Oct 2026 7:39 PM IST









