न्यू टू- व्हीलर: CFMoto ने पेश किया नया 125SC-S अर्बन स्कूटर और 550MT एडवेंचर बाइक, दमदार इंजन के साथ मिलेंगे एडवांस फीचर्स

CFMoto ने पेश किया नया 125SC-S अर्बन स्कूटर और 550MT एडवेंचर बाइक, दमदार इंजन के साथ मिलेंगे एडवांस फीचर्स
दोनों वाहनों को इटली के मिलान में आयोजित EICMA 2026 मोटरसाइकिल शो में पेश किया गया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। CFMoto ने ग्लोबल मार्केट में अपने दो नए दोपहिया वाहनों को अनवील किया है। इनमें 125SC-S नाम का नया स्पोर्टी अर्बन स्कूटर और 550MT एडवेंचर टूरिंग बाइक शामिल हैं। दोनों वाहनों को इटली के मिलान में आयोजित EICMA 2026 मोटरसाइकिल शो में पेश किया गया है। नए स्कूटर में 125cc का लिक्विड-कूल्ड इंजन और आधुनिक टेक्नोलॉजी देखने को मिलेगी, वहीं 550MT में 526cc का दमदार ट्विन-सिलेंडर इंजन दिया गया है। हालांकि, CFMoto ने फिलहाल 125SC-S और 550MT की भारत में लॉन्चिंग को लेकर कोई आधिकारिक तारीख घोषणा नहीं की है। आइए जानते हैं इनकी खूबियां...

CFMoto 125SC-S स्कूटर में क्या खास?

CFMoto का नया 125SC-S स्कूटर में कॉम्पैक्ट साइज और स्पोर्टी लुक देखने को मिलता है। इसका डिजाइन CFMoto की SR सीरीज की स्पोर्ट्स बाइक्स से प्रेरित है। स्कूटर के फ्रंट में ट्विन-लेंस LED हेडलाइट्स दी गई हैं। इसमें नया 124.9cc का लिक्विड-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन लगाया गया है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इस इंजन की अधिकतम पावर और टॉर्क से जुड़ी आधिकारिक जानकारी शेयर नहीं की है। माना जा रहा है कि इसका परफोर्मेंस कंपनी के दूसरे 125cc स्कूटर के आसपास हो सकता है।

बात करें फीचर्स की तो नए स्कूटर में 6.2 इंच का TFT डिजिटल डिस्प्ले दिया गया है, जिसमें स्मार्टफोन कनेक्टिविटी की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा Bluetooth और NFC आधारित की-लेस सिस्टम भी दिया गया है। सुरक्षा के लिहाज से इसमें डुअल-चैनल ABS और ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम दिया गया है। स्कूटर में OTA यानी ओवर-द-एयर अपडेट की सुविधा भी दी गई है। इसकी मदद से कनेक्टेड सॉफ्टवेयर से जुड़े अपडेट उपलब्ध कराए जा सकते हैं।

इसमें 780mm की सीट हाइट और करीब 30 लीटर का अंडर-सीट स्टोरेज भी दिया गया है। स्कूटर के ऊंचे वेरिएंट में गैस-रिजर्वायर रियर शॉक एब्जॉर्बर और हीटेड ग्रिप्स जैसे अतिरिक्त फीचर्स भी मिलेंगे।

CFMoto 550MT बाइक की खूबियां

CFMoto ने नई 550MT बाइक को मौजूदा 450MT से ऊपर के सेगमेंट में रखा है। इस बाइक में नया 526cc का लिक्विड-कूल्ड, पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है। यह इंजन 8,500rpm पर 54hp की अधिकतम पावर और 6,000rpm पर 52Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। इस इंजन के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है। इसमें बाई-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर की सुविधा भी मिलती है। कंपनी ने इसमें E-Clutch तकनीक भी दी है, जिससे क्लच के इस्तेमाल को आसान बनाया जा सकता है। इसमें 23 लीटर की क्षमता वाला बड़ा फ्यूल टैंक दिया गया है।

फीचर्स की बात करें तो बाइक में 8 इंच का TFT टचस्क्रीन डिस्प्ले दिया गया है, जो Apple CarPlay कनेक्टिविटी को सपोर्ट करता है। इससे राइडर को नेविगेशन और स्मार्टफोन से जुड़ी सुविधाएं इस्तेमाल करने में आसानी होगी। बाइक में क्रूज कंट्रोल और रियर डिटेक्शन सिस्टम भी दिया गया है।

बाइक में 19 इंच का फ्रंट और 17 इंच का रियर व्हील दिया गया है। बाइक में KYB सस्पेंशन का इस्तेमाल किया गया है। इसकी सीट दो हिस्सों में दी गई है और सीट की ऊंचाई को 800mm से 820mm के बीच एडजस्ट किया जा सकता है। इसमें तीन राइडिंग मोड मिलते हैं। इसके अलावा IMU आधारित कॉर्नरिंग ABS और ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम भी दिया गया है।

550MT-X भी हुई पेश

550MT के साथ कंपनी ने 550MT-X नाम का एक दूसरा एडवेंचर मॉडल भी पेश किया है। इसमें भी 526cc का पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है, जो 54hp की पावर और 52Nm का टॉर्क जनरेट करता है। हालांकि, इसका डिजाइन और हार्डवेयर सामान्य 550MT से अलग रखा गया है। इसमें बाई-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर, राइडिंग मोड और ऑफ-रोड मोड जैसे फीचर्स दिए गए हैं। ऑफ-रोड मोड में ट्रैक्शन कंट्रोल और रियर व्हील ABS को बंद करने की सुविधा मिलती है।

Created On :  

Tags

Next Story