न्यू किआ ईवी: Kia Syros EV भारत में 13.49 लाख रुपए की शुरुआती कीमत पर हुई लॉन्च, मिलेगी 526 KM की दमदार रेंज

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय इलेक्ट्रिक कार बाजार में किआ ने बड़ा दांव खेलते हुए अपनी नई Kia Syros EV को लॉन्च कर दिया है। यह इलेक्ट्रिक SUV आकर्षक डिजाइन, लंबी ड्राइविंग रेंज, एडवांस टेक्नोलॉजी और कई प्रीमियम फीचर्स के साथ आई है। खास बात यह है कि किआ ने ग्राहकों के लिए Battery-as-a-Service (BaaS) और 80% तक गारंटीड बायबैक जैसी सुविधा भी दी है, जिससे यह किफायती हो जाती है। आइए जानते हैं इसकी कीमत और फीचर्स...
Kia Syros EV की कीमत
किआ की ओर से इस ईवी को भारत में 13.49 लाख रुपए की एक्स शोरूम कीमत पर लॉन्च किया है। इसके टॉप वेरिएंट की एक्स शोरूम कीमत 20 लाख रुपए रखी है। वहीं BaaS के साथ इस ईवी को भारत में 7.99 लाख रुपए की कीमत पर ऑफर किया गया है। जिसके बाद प्रति किलोमीटर 3.3 रुपए की दर से भुगतान करना होगा। कंपनी ने इसे कुल 7 वेरिएंट्स में उतारा है और इस ईवी की डिलीवरी 30 जुलाई से शुरू की जाएगी।
Kia Syros EV
किआ की इस नई ईवी में एलईडी हेडलाइट और एलईडी डीआरएल के साथ एलईडी फॉग लैंप दिए गए हैं। इसमें टाइगर फेस फ्रंट ग्रिल देखने को मिलती है। ईवी में 17 इंच अलॉय व्हील्स दिए गए हैं। फीचर्स की बात करें तो इसमें कई एडवांस और प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं। ईवी में 30 इंच ट्रिनिटी स्क्रीन, वायरलैस एंड्राइड ऑटो, एपल कार प्ले, आठ स्पीकर का हरमन कार्डन ऑडियो सिस्टम, वायरलैस फोन चार्जर, वेंटिलेटिड सीट, पैनोरमिक सनरूफ, डैशकैम, चार्जिंग पोर्ट, 16 लीटर फ्रंक स्पेस जैसे फीचर्स शामिल है। साथ ही सुरक्षा के लिए इसमें कई एयरबैग, Level-2 ADAS, क्रूज कंट्रोल, 360 डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स मिलते हैं।
बैटरी और रेंज
इस इलेक्ट्रिक SUV की सबसे बड़ी खासियत इसकी 526 किलोमीटर तक की दावा की गई ड्राइविंग रेंज है। कंपनी ने इसे दो बैटरी ऑप्शन के साथ पेश किया है, जिसमें 42 और 51.4 kWh की क्षमता की बैटरी मिलती है। जिससे इसे 526 किलोमीटर तक की रेंज मिल सकती है। इसमें दी गई मोटर से इसे 171 पीएस की पावर मिलती है।
Created On :   23 July 2026 6:50 PM IST




