आगामी विनफास्ट e-टू-व्हीलर: VinFast ने भारत में इलेक्ट्रिक बाइक और स्कूटर के डिजाइन कराए पेटेंट, जानिए कब होंगी लॉन्च?

VinFast ने भारत में इलेक्ट्रिक बाइक और स्कूटर के डिजाइन कराए पेटेंट, जानिए कब होंगी लॉन्च?
VinFast ने भारत में जिन दो इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स के डिजाइन पेटेंट कराए हैं, उनमें एक स्पोर्टी Viper इलेक्ट्रिक स्कूटर और दूसरी एक नई इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल शामिल है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। वियतनाम की इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी VinFast अब भारत के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में भी उतरने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने भारत में एक नई इलेक्ट्रिक बाइक और एक स्पोर्टी इलेक्ट्रिक स्कूटर के डिजाइन पेटेंट कराए हैं। हालांकि कंपनी ने अभी इनके लॉन्च की आधिकारिक तारीख का ऐलान नहीं किया है, लेकिन पेटेंट दाखिल होने से साफ संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले समय में VinFast भारतीय बाजार में अपने इलेक्ट्रिक दोपहिया पोर्टफोलियो का विस्तार करने वाली है।

इन दो मॉडल को कराया पेटेंट

VinFast ने भारत में जिन दो इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स के डिजाइन पेटेंट कराए हैं, उनमें एक स्पोर्टी Viper इलेक्ट्रिक स्कूटर और दूसरी एक नई इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल शामिल है। सबसे पहले बात करें स्कूटर की तो यह वियतनाम में बिकने वाले मॉडल जैसा ही है। यह भारत में कंपनी का पहला इलेक्ट्रिक स्कूटर हो सकता है। पेटेंट तस्वीरों के अनुसार नया इलेक्ट्रिक स्कूटर स्पोर्टी लुक के साथ आएगा। इसमें शार्प बॉडी डिजाइन, एलईडी लाइटिंग, बड़े अलॉय व्हील, फ्रंट डिस्क ब्रेक और चौड़े टायर देखने को मिल सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह स्कूटर कंपनी के मौजूदा Viper मॉडल का नया या अपडेटेड वर्जन हो सकता है।

जबकि, मोटरसाइकिल का डिजाइन कंपनी के पहले दिखाए गए Sulad Concept से मिलता-जुलता माना जा रहा है। VinFast की पेटेंट कराई गई इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल को युवाओं और प्रीमियम ईवी ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा। हालांकि कंपनी ने अभी इसकी तकनीकी जानकारी या बैटरी, रेंज और पावर से जुड़ी कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।

लॉन्च कब होगी?

आपको बता दें कि, कंपनी ने पहले घोषणा की थी कि वह भारत में अपने तीन पॉपुलर इलेक्ट्रिक स्कूटर उतारेगी। वहीं अब कंपनी ने दो नए मॉडल्स के पेटेंट कराए हैं। फिलहाल VinFast ने इन दोनों इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स की लॉन्च टाइमलाइन का खुलासा नहीं किया है। लेकिन माना जा रहा है कि, कंपनी जल्द ही भारतीय बाजार में इन मॉडलों को पेश कर सकती है।

Created On :   21 July 2026 6:03 PM IST

Tags

Next Story