Price Hike: Mahindra Thar Roxx हुई महंगी, अब 78000 रुपए तक अधिक चुकानी होगी कीमत

Mahindra Thar Roxx हुई महंगी, अब 78000 रुपए तक अधिक चुकानी होगी कीमत
नई कीमतों के बाद महिंद्रा थार रॉक्स की एक्स-शोरूम कीमत अब 12.52 लाख रुपए से शुरू होकर 22.12 लाख रुपए तक पहुंच गई है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी एसयूवी निर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा ने अपनी पॉपुलर 5-डोर एसयूवी थार रॉक्स (Mahindra Thar Roxx) की कीमतों में इजाफा किया है। कंपनी की ओर से की गई इस बढ़ोतरी का असर लगभग सभी पेट्रोल और डीजल वेरिएंट पर पड़ा है। नई कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। ऐसे में यदि आप महिंद्रा थार रॉक्स खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो अब इसके लिए पहले से ज्यादा कीमत चुकानी होगी।

नए प्राइस अपडेट के तहत अलग-अलग वेरिएंट की कीमतों में 13,000 रुपए से लेकर 78,000 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है। हालांकि कुछ चुनिंदा वेरिएंट की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। आइए जानते हैं इसकी नई कीमत...

किस वेरिएंट पर कितनी कीमत बढ़ी

नई कीमतों के बाद महिंद्रा थार रॉक्स की एक्स-शोरूम कीमत अब 12.52 लाख रुपए से शुरू होकर 22.12 लाख रुपए तक पहुंच गई है। कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर भी नई कीमतें अपडेट कर दी गई हैं। जिसके अनुसार, सबसे ज्यादा बढ़ोतरी AX7L 2WD 2.2-लीटर डीजल ऑटोमैटिक वेरिएंट में की गई है। इस वेरिएंट की कीमत में 78,100 रुपए का इजाफा हुआ है, जो पूरी लाइनअप में सबसे बड़ी बढ़ोतरी है।

कंपनी ने थार रॉक्स के कुछ अन्य वेरिएंट्स की कीमतों में 22,500 रुपए से लेकर 68,500 रुपए तक की वृद्धि की है। पेट्रोल वेरिएंट्स की बात करें तो इनमें भी कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। अलग-अलग वेरिएंट के अनुसार यह बढ़ोतरी 13,000 रुपए से लेकर करीब 50,000 रुपए तक है। हालांकि AX7L 2WD 2.0-लीटर टर्बो पेट्रोल ऑटोमैटिक वेरिएंट की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

थार रॉक्स की खूबियां

थार रॉक्स में 2.0-लीटर टर्बो पेट्रोल और 2.2-लीटर टर्बो डीजल इंजन का विकल्प मिलता है। इसमें 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ 2WD और 4WD दोनों ड्राइवट्रेन विकल्प उपलब्ध हैं। फीचर्स की बात करें तो इसमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, पैनोरमिक सनरूफ, 360-डिग्री कैमरा, लेवल-2 ADAS, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और प्रीमियम इंटीरियर जैसे एडवांस फीचर्स दिए गए हैं।

Created On :   21 July 2026 6:40 PM IST

Tags

Next Story