शाओमी ईवी: Xiaomi YU7 इलेक्ट्रिक एसयूवी दमदार फीचर्स के साथ हुई लॉन्च, सिंगल चार्ज पर मिलेगी 835km की रेंज

- एसयूवी का स्टैंडर्ड वेरिएंट RWD (रियर-व्हील ड्राइव) के साथ आता है
- प्रो वेरिएंट, डुअल-मोटर AWD (ऑल-व्हील ड्राइव) के साथ आता है
- 15 मिनट की चार्जिंग के बाद 620 किमी की दूरी तय की जा सकती है
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चीन की दिग्गज टेक कंपनी शाओमी (Xiaomi) ने घरेलू बाजार में अपनी इलेक्ट्रिक एसयूवी वाययू7 (Xiaomi YU7 EV) को लॉन्च कर दिया है। इसकी आधिकारिक घोषणा कंपनी ने अपने Human x Car x Home में की। इसे तीन वेरिएंट में लॉन्च किया गया है। बता दें कि, यह कंपनी की दूसरी ईवी है, इससे पहले शाओमी ने सेडान कार एसयू7 (Xiaomi SU7) को लॉन्च किया था।
Xiaomi YU7 को तीन एक्सटीरियर कलर ऑप्शन एमराल्ड ग्रीन, टाइटेनियम सिल्वर और लावा ऑरेंज में पेश किया गया है। इसके अलावा इलेक्ट्रिक SUV तीन इंटीरियर कलर ऑप्शन में भी आती है, इनमें लाइट टोन में पाइन ग्रे, कोरल ऑरेंज और ट्वाइलाइट ब्लू शामिल हैं। आइए जानते हैं इसकी कीमत और खूबियों के बारे में...
Xiaomi YU7 की कीमत
शाओमी ने इस इलेक्ट्रिक कार के स्टैंडर्ड ट्रिम यानि कि अल्ट्रा-लॉन्ग-रेंज रियर-व्हील ड्राइव (RWD) की कीमत CNY 2,53,500 (लगभग 30 लाख रुपए) रखी है। वहीं इसके ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) वेरिएंट की कीमत CNY 2,79,900 (करीब 33 लाख रुपए) है। जबकि, हाई-परफॉरमेंस AWD वेरिएंट की कीमत CNY 3,29,900 (करीब 39 लाख रुपए) है।
Xiaomi YU7 के फीचर्स
इस एसयूवी की डिजाइन कंपनी की पहली ईवी सेडान SU7 से प्रेरित है। इसमें होलो हेडलाइट्स और स्पोर्टी बंपर है। वहीं पीछे की ओर कनेक्टेड LED टेललाइट्स है। एसयूवी में फ्लश डोर हैंडल्स और बेहतरीन अलॉय व्हील्स जैसे एलिमेंट्स देखने को मिलते हैं।
बात करें फीचर्स की तो इसमें 1.1 मीटर चौड़ी हाइपरस्क्रीन दी गई है, जिसमें ड्राइवर के इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर सहित तीन मिनी-LED स्क्रीन शामिल हैं। इसके अलावा पीछे बैठे यात्रियों के लिए 6.68 इंच की रियर कंट्रोल स्क्रीन भी दी गई है। इसमें Nappa लेदर अपहोल्स्ट्री, डॉल्बी एटमॉस के साथ 25-स्पीकर ऑडियो सिस्टम दिया गया है। इसमें 678 लीटर का बड़ा बूट स्पेस दिया गया है।
Xiaomi YU7 बैटरी और रेंज
इस एसयूवी के तीनों वेरिएंट्स में सिलिकॉन कार्बाइड 800V आर्किटेक्चर बैटरी पैक दिया गया है। इसके स्टैंडर्ड और प्रो वर्जन में 96.3 kWh की बैटरी मिलती है, जबकि मैक्स वर्जन में 101.7 kWh की बड़ी बैटरी दी गई है। स्टैंडर्ड वेरिएंट RWD (रियर-व्हील ड्राइव) के साथ आता है, जो 315 bhp की पावर देता है। इसे एक बार के फुल चार्ज पर 835 किमी तक चलाया जा सकता है।
एसयूवी का प्रो वेरिएंट, डुअल-मोटर AWD (ऑल-व्हील ड्राइव) के साथ 489 bhp का पावर प्रदान करता है। इसमें 770 किमी की रेंज मिलती है। जबकि, मैक्स वेरिएंट डुअल-मोटर के साथ आता है और यह 681 bhp का पावर देता है। इसकी रेंज 760 किमी है।
मैक्स वर्जन सिर्फ 3.23 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है। कंपनी का दावा है कि Xiaomi YU7 12 मिनट में 10 प्रतिशत से 80 प्रतिशत तक चार्ज हो सकती है, वहीं केवल 15 मिनट की चार्जिंग के बाद 620 किमी की दूरी तय की जा सकती है।
Created On :   27 Jun 2025 4:45 PM IST