रोल्स-रॉयस ईवी: Rolls Royce Spectre Black Badge भारत में 530Km तक की रेंज के साथ लॉन्च, एक्स शोरूम कीमत 9.50 करोड़ रुपए

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बीएमडब्ल्यू (BMW) के स्वामित्व वाली ब्रिटिश लग्जरी ऑटोमोबाइल निर्माता रोल्स-रॉयस (Rolls Royce) ने आखिरकार भारत में अपनी पावरफुल इलेक्ट्रिक कार स्पेक्ट्रे ब्लैक बैज (Spectre Black Badge) को लॉन्च कर दिया है। इस कार का लुक काफी आकर्षक और दमदार है। जितना इस कार का एक्सटीरियर खूबसूरत है, उतना ही इंटरीरिय भी। खास बात यह कि, कंपनी की ओर से ब्लैज बैज ट्रीटमेंट के साथ यह पहली इलेक्ट्रिक कार है और यह कंपनी के इतिहास की सबसे शक्तिशाली प्रोडक्शन कार बन गई है।
कंपनी का दावा है कि, सिंगल चार्ज पर यह कार 493 से 530 किलोमीटर तक की रेंज प्रदान करती है। भारतीय बाजार में इसे 9.50 करोड़ रुपए की एक्स-शोरूम कीमत के साथ उतारा गया है। आइए जानते हैं इसकी खूबियों के बारे में...
Rolls Royce Spectre Black Badge की खूबियां
रोल्स रॉयस की इस लग्जरी इलेक्ट्रिक कार के फ्रंट में पॉलिश्ड ब्लैक फिनिश के साथ एक पेंथियन ग्रिल दिया गया है, जिसके कलर को कस्टमाइज कर सकते हैं। वहीं ग्लॉस ब्लैक ट्रीटमेंट साइड विंडो सराउंड और डोर हैंडल तक नजर आता है। खासियत यह कि, खरीददार द्वारा अपनी पसंद के अनुसार एक्सटीरियर में 44 हजार रंगों के विकल्प में से किसी एक को चुना जा सकता है। यही नहीं ग्राहक 23 इंच के 5-स्पोक फोर्ज्ड एल्युमीनियम व्हील भी चुन सकते हैं, जो कि पार्ट पॉलिश या फुल ब्लैक फिनिश में से चुन सकते हैं।
वहीं इंटीरियर में स्काई रूफ दिया गया है। इसमें अलग- अलग साइज की 5500 से अधिक स्टार लाइट दी गई हैं, जो आसमान में सितारों की तरह दिखती हैं। डैशबोर्ड पर “इनफिनिटी” लोगो है। इसमें चमकते हुए ब्लैक बैज ट्रेडप्लेट, 5 थीम ऑप्शन के साथ एक नया डिजिटल डिस्प्ले और नया ‘स्पिरिट’ इंफोटेनमेंट सिस्टम भी शामिल है।
Rolls Royce Spectre Black Badge बैटरी पैक और रेंज
स्पेक्ट्रे ब्लैक बैज को 102 kWh की क्षमता का बैटरी पैक दिया गया है। इसमें दी गई मोटर से ईवी को 659 हॉर्स पावर और 1075 न्यूटन मीटर तक का टॉर्क मिलता है। इसके साथ ही इनफिनिटी मोड के जरिए इसे 82 हॉर्स पावर और 175 न्यूटन मीटर की अतिरिक्त पावर मिलती है। 0-100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ने में इसे महज 4.1 सेकेंड का समय लगता है। वहीं इसे एक बार चार्ज करने के बाद 493 से 530 किलोमीटर तक की रेंज मिलती है।
Created On :   24 Jun 2025 5:12 PM IST