'Blackbuck' Film Case: 'काला हिरन' फिल्म मामले में दिल्ली हाई कोर्ट ने निर्माता अमित जानी को भेजा नोटिस, सलमान खान ने दायर की याचिका

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। फिल्म 'काला हिरण: बैटल फॉर लीगेसी' अपनी घोषणा के बाद से ही विवादों में घिर गई है। फिल्म को लेकर बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की ओर से आपत्ति जताई गई है। उन्होंने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की है, जिस पर आज (शुक्रवार, 12 जून) को सुनवाई हुई। सुनवाई के बाद कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए फिल्म के निर्माता अमित जानी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
यह भी पढ़े -'तीन गुना लगान देना पड़ेगा', 25 साल बाद फिर गूंजा कैप्टन रसेल का डायलॉग, आमिर खान की टीम ने मनाया जश्न
सलमान की छवि का इस्तेमाल गलत
सलमान खान के वकील निजाम पाशा ने कोर्ट में कहा, '29 मई को प्रस्तावित फिल्म के निर्माताओं ने एक पोस्टर जारी किया, जिसमें एक व्यक्ति को सलमान खान जैसा दिखाया गया है और उसका पहनावा भी सलमान खान की छवि से मिलता-जुलता है।' उन्होंने आगे कहा, 'इस मामले से जुड़े कुल चार एफआईआर में से तीन में सलमान खान बरी हो चुके हैं। इसके बावजूद उनकी पहचान और छवि का इस्तेमाल कर फिल्म बनाई जा रही है, जो उनके पर्सनैलिटी अधिकारों का उल्लंघन है।'
उन्होंने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग करते हुए कहा, 'मीडिया में रोजाना सलमान खान का नाम इस मामले से जोड़कर दिखाया जा रहा है। इसलिए उनकी मांग है कि अदालत फिल्म की रिलीज और उसके प्रचार-प्रसार पर रोक लगाने का आदेश दे। आज सुबह ही फिल्म का ट्रेलर जारी किया गया है।' उन्होंने आगे कहा, 'फिल्म रिलीज होने की तारीख अभी तय नहीं हुई है। हम चाहते हैं कि पूरे प्रोजेक्ट पर ही रोक लगा दी जाए।
यह भी पढ़े -दीया मिर्जा की 'पन्हा' की स्क्रीनिंग में भावुक हुए दर्शक, शबाना आजमी संग पहुंची अभिनेत्री
कोर्ट ने निर्माताओं को भेजा नोटिस
सलमान खान के वकील की दलीलें सुनने के बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा कि सबसे पहले विपक्षी पक्ष को नोटिस जारी करना जरूरी है। बिना उनका पक्ष सुने कोई आदेश नहीं दिया जा सकता। कोर्ट ने फिल्म के निर्माता और निर्देशक को नोटिस जारी कर उनसे जवाब मांगा है। इसके साथ ही मामले में आगे की सुनवाई के लिए 19 जून की तारीख तय की है।
Created On :   12 Jun 2026 7:40 PM IST












