Ramayanam Movie: भारत की सबसे बड़ी सिनेमाई कहानी को दुनिया तक पहुंचाने की तैयारी, ‘प्रथम संकल्प' कार्यक्रम में एक मंच पर दिखी ‘रामायणम्' की पूरी टीम

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायणम्' को लेकर उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। फिल्म के भव्य ट्रेलर लॉन्च से पहले नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ‘प्रथम संकल्प' कार्यक्रम में फिल्म की पूरी टीम एक साथ नजर आई। इस मौके ने फिल्म की रिलीज से पहले दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया।
कार्यक्रम में फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा, निर्देशक नितेश तिवारी, अभिनेता रणबीर कपूर, अभिनेत्री साई पल्लवी, अरुण गोविल, कुमार विश्वास और कुणाल कपूर ने एक साथ मंच साझा किया। सभी ने साथ में ग्रुप फोटो भी खिंचवाई, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। इस खास आयोजन में रवि दुबे, रकुल प्रीत सिंह, शोभना और अजिंक्य देव भी मौजूद रहे।
‘प्रथम संकल्प' कार्यक्रम को फिल्म के प्रमोशन अभियान का अहम पड़ाव माना जा रहा है। ‘रामायणम्' के जरिए निर्देशक नितेश तिवारी भारतीय महाकाव्य रामायण को भव्य विजुअल्स, आधुनिक तकनीक और दमदार प्रस्तुति के साथ बड़े पर्दे पर उतारने जा रहे हैं। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभाते नजर आएंगे।
फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा कीप्राइम फोकस स्टूडियोज, आठ बार ऑस्कर पुरस्कार जीत चुकी विजुअल इफेक्ट्स कंपनी डीएनइजी और यश कीमॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के संयुक्त बैनर तले किया जा रहा है। दो भागों में बनने वाली ‘रामायणम्' का पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में दुनियाभर के IMAX सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। निर्माताओं का दावा है कि यह भारतीय सिनेमा की सबसे भव्य और महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक होगी।
Created On :   18 July 2026 8:38 PM IST












