1 ट्रिलियन डॉलर वाली कंपनी बनी अमेजन, एप्पल के बाद ये मुकाम हासिल करने वाली दूसरी US फर्म

1 ट्रिलियन डॉलर वाली कंपनी बनी अमेजन, एप्पल के बाद ये मुकाम हासिल करने वाली दूसरी US फर्म
हाईलाइट
  • एक ट्रिलियन डॉलर मार्केट कैप वाली अमेजन दूसरी अमेरिकी और दुनिया की तीसरी कंपनी बन गई है।
  • अमेजन की मार्केट वैल्यू भारतीय अर्थव्यवस्था का 38 फीसदी हो गई है।
  • मंगलवार को अमेजन का शेयर 2% की तेजी के साथ 2050.50 डॉलर पर पहुंच गया।

डिजिटल डेस्क, सैन फ्रांसिस्को। एक ट्रिलियन डॉलर मार्केट कैप वाली अमेजन दूसरी अमेरिकी और दुनिया की तीसरी कंपनी बन गई है। मंगलवार को अमेजन का शेयर 2% की तेजी के साथ 2050.50 डॉलर पर पहुंच गया। हालांकि, दिन का कारोबार खत्म होने पर इसका मार्केट कैप एक ट्रिलियन से नीचे आ गया था। इससे पहले दो अगस्त को एप्पल 1 ट्रिलियन डॉलर वाली पहली अमेरिकी कंपनी बनी थी। अमेजन की मार्केट वैल्यू भारतीय अर्थव्यवस्था का 38 फीसदी हो गई है।

अमेजन का शेयर पहली बार 30 अगस्त को 2,000 डॉलर के पार पहुंचा था। 10 महीने पहले शेयर की कीमत करीब 1000 डॉलर थी। अमेजन का शेयर 27 अक्टूबर, 2017 को पहली बार 1,000 पर पहुंचा था।  अमेजन ने पिछले तीन महीनों में निवेशकों को 20% मुनाफा दिया। पिछले एक महीने में करीब 12% उछाल आया। वहीं 23 अक्टूबर, 2009 को पहली बार अमेजन के शेयर ने 100 डॉलर के स्तर को छुआ था।

एप्पल" को 1 ट्रिलियन डॉलर के माइलस्टोन तक पहुंचने में करीब 38 साल लगे थे। वहीं, अमेज़न ने सिर्फ 21 सालों में ये कर दिखाया है। "एप्पल" के आईफोन और बाकी डिवाइसेज़ काफी लोकप्रिय हैं और कंपनी का बिजनेस भी लगातार बढ़ रहा है। लिहाजा "एप्पल" को फिलहाल "अमेज़न" की तेजी से बढ़ते सेल्स ग्रोथ से कोई खतरा नहीं है।

अमेजन ने लोगों के शॉपिंग के तरीके में क्रांतिकारी बदलाव किया है। दो दशकों पहले अमेजन के फाउंडर और सीईओ जेफ बेजोस ने बुकसेलर के तौर पर अपने बिजनेस की शुरुआत की थी। लेकिन अब ये दुनिया का प्रमुख इंटरनेट खुदरा विक्रेता है। इसके अलावा अमेजन टेलिविजन स्ट्रीमिंग, पेमेंट बैंक के क्षेत्र में भी काम करता है।

ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स में 166 अरब डॉलर नेटवर्थ के साथ बेजोस नंबर-1 हैं। शेयर में तेजी से इस साल उनकी दौलत में 66.5 अरब डॉलर का इजाफा हुआ। बिलेनियर इंडेक्स में 98.1 अरब डॉलर नेटवर्थ के साथ बिल गेट्स दूसरे नंबर पर हैं।

Created On :   4 Sep 2018 5:59 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story