पहली तिमाही के नतीजे: जोमैटो की पैरेंट कंपनी 'इटरनल' का मुनाफा 268% उछला, राजस्व में भी 182% की बड़ी बढ़ोतरी

जोमैटो की पैरेंट कंपनी इटरनल का मुनाफा 268% उछला, राजस्व में भी 182% की बड़ी बढ़ोतरी
कंपनी का इंटीग्रेट (कंसोलिडेटेड) शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 268 प्रतिशत बढ़कर 92 करोड़ रुपए पहुंच गया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स क्षेत्र की प्रमुख कंपनी इटरनल लिमिटेड (पूर्व में जोमैटो) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के नतीजों में शानदार परफोर्मेंस किया है। कंपनी का इंटीग्रेट (कंसोलिडेटेड) शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 268 प्रतिशत बढ़कर 92 करोड़ रुपए पहुंच गया। वहीं, कंपनी का परिचालन से राजस्व भी 182 प्रतिशत की मजबूत बढ़ोतरी के साथ 20,211 करोड़ रुपए पर पहुंच गया।

स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी के अनुसार, पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 25 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 92 करोड़ रुपये हो गया है। यह दर्शाता है कि कंपनी ने अपने कारोबार का तेजी से विस्तार किया है और अलग-अलग बिजनेस से बेहतर आय हासिल की है।

इटरनल का परिचालन से राजस्व एक साल पहले के 7,167 करोड़ रुपये से बढ़कर 20,211 करोड़ रुपये हो गया। यानी कंपनी की आमदनी में 182 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। यह बढ़ोतरी कंपनी के फूड डिलीवरी, क्विक कॉमर्स और अन्य कारोबारों में मजबूत प्रदर्शन का परिणाम मानी जा रही है।

कंपनी की क्विक कॉमर्स इकाई ब्लिंकिट ने इस तिमाही में तेज़ी से विस्तार जारी रखा। नए डार्क स्टोर जोड़ने और ऑर्डर में मजबूत वृद्धि की वजह से कंपनी के कुल कारोबार को बड़ा सहारा मिला। फूड डिलीवरी कारोबार में भी ऑर्डर वैल्यू बढ़ी, जिससे कुल आय में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली।

हालांकि, यदि पिछली तिमाही से तुलना की जाए तो कंपनी का मुनाफा कुछ कम हुआ है। इसके पीछे क्विक कॉमर्स कारोबार में लगातार निवेश और विस्तार पर बढ़ता खर्च प्रमुख कारण माना जा रहा है। इसके बावजूद कंपनी ने दीर्घकालिक विकास रणनीति पर भरोसा जताया है।

कंपनी का कहना है कि उसका फोकस केवल अल्पकालिक मुनाफे पर नहीं, बल्कि ग्राहकों की संख्या बढ़ाने, बेहतर सेवाएं देने और अपने नेटवर्क का विस्तार करने पर है। इसी रणनीति के तहत वह भविष्य की ग्रोथ के लिए लगातार निवेश कर रही है।

Created On :   22 July 2026 5:52 PM IST

Tags

Next Story