- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- बड़ा मल्हेरा
- /
- छतरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,...
बड़ामलहरा न्यूज: छतरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरराज्यीय चोर गिरफ्तार; 24 लाख की चोरी का माल बरामद
डिजिटल डेस्क बड़ामलहरा/ पुलिस ने छतरपुर जिले में चोरी और लूट की वारदातों का खुलासा करते हुए दो अलग-अलग मामलों में अंतरराज्यीय चोर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 27 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है। मामले का खुलासा पुलिस द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया गया।
पहला मामला ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम धमौरा का है, जहां 9 सितंबर को विजय सिंह यादव के घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई थी। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में पुलिस टीम ने जांच करते हुए आरोपी चरण अहिरवार को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से बड़ा हार, छोटा हार, अंगूठियां, चांदी की चूड़ियां, पायल, कमरबंद समेत करीब 15 लाख रुपये से अधिक कीमत के आभूषण बरामद किए गए। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल एक्सटर कार भी पुलिस ने बरामद की है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 24 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने झांसी, निवाड़ी, महोबा और छतरपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी और अन्य आपराधिक वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है। आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित 14 से अधिक अपराध दर्ज बताए गए हैं।
वहीं दूसरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मझगट पहाड़िया का है। यहां रात के समय घर में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, दो देशी कट्टे, कारतूस और चाकू सहित करीब 3 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में कुछ अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम की भूमिका की भी जानकारी दी।
Created On :   18 Sept 2026 8:56 PM IST












